मौसमी बीमारियों के बढ़ते प्रकोप से सीएचसी हाथी में बढ़ी मरीजों की संख्या
वाराणसी के सेवापुरी विकास खंड के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हाथी बाजार में मौसम में बदलाव के साथ मौसमी बीमारियों के मरीजों की संख्या बढ़ गई है। सामान्य दिनों की अपेक्षा इन दिनों अस्पताल की ओपीडी में अधिक मरीज इलाज के लिए पहुंच रहे हैं। इनमें खांसी, बुखार और सर्दी-जुकाम से पीड़ित मरीजों की संख्या अधिक है।
सीएचसी के अधीक्षक डॉ. कारण गौतम ने बुधवार दोपहर करीब 12 बजे बताया कि इन दिनों अस्पताल की ओपीडी में प्रतिदिन करीब 400 से 500 मरीज पहुंच रहे हैं। मौसम में बदलाव के कारण वायरल फीवर, सर्दी-जुकाम और खांसी के मरीजों की संख्या बढ़ी है। इसके अलावा डेंगू के संभावित मरीज भी जांच के लिए अस्पताल पहुंच रहे हैं।
अस्पताल में चिकित्सकों द्वारा मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक दवाएं और उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। क्षेत्र में डेंगू को लेकर लोगों में चिंता बनी हुई है। अधीक्षक ने बताया कि डेंगू के संभावित लक्षण वाले मरीजों की जांच कराई जा रही है। साथ ही
उन्होंने लोगों से मौसम में बदलाव के दौरान विशेष सावधानी बरतने, साफ-सफाई का ध्यान रखने तथा बुखार, खांसी या अन्य लक्षण दिखाई देने पर चिकित्सक से परामर्श लेने की सलाह दी है।