आमजन की समस्याओं का समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण समाधान कराएं- कलेक्टर श्री सिसोनिया
कोई भी पात्र विद्यार्थी छात्रवृत्ति योजनाओं के लाभ से वंचित ना रहे
टीएल बैठक में कलेक्टर श्री सिसोनिया ने की सीएम हेल्पलाईन तथा अभियानों की समीक्षा
–––
–––
कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित टीएल बैठक में कलेक्टर श्री रोहित सिसोनिया द्वारा सीएम हेल्पलाईन के माध्यम से प्राप्त होने वाली शिकायतों के निराकरण, शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं और विशेष अभियानों की बिन्दुवार समीक्षा की गई। बैठक के दौरान कलेक्टर श्री सिसोनिया ने स्पष्ट निर्देश दिए कि आम जनता की शिकायतों का समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण समाधान प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। अधिकारी गंभीरता के साथ सीएम हेल्पलाइन शिकायतों का समयावधि में संतुष्टिपूर्ण निराकरण सुनिश्चित कराएं। कलेक्टर श्री सिसोनिया ने तहसीलवार और जनपदवार सीएम हेल्पलाईन शिकायतों की समीक्षा करते हुए कहा कि आगामी दो दिवस में अधिक से अधिक शिकायतों का संतुष्टिपूर्ण निराकरण सुनिश्चित कराएं। उन्होंने पचास दिवस से अधिक समयावधि की शिकायतों को भी प्राथमिकता में रखते हुए निराकृत कराएं। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर श्री सिसोनिया ने सहायक प्रबंधक बाड़ी श्री प्रदीप भार्गव द्वारा केवल 37.5 प्रतिशत सीएम हेल्पलाईन शिकायतों का ही निराकरण करने पर नाराजगी व्यक्त कर शीघ्र शेष लंबित शिकायतों को निराकृत करने के निर्देश दिए।
नगरीय निकायों की समीक्षा के दौरान उन्होंने सीएमएओ सांची श्री रामलाल कुशवाह को सीएम हेल्पलाईन निराकरण में संतोषजनक कार्य नहीं करने तथा बैठक से अनुपस्थित रहने पर नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। इसी प्रकार स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग, सहकारिता, वन विभाग, राजस्व विभाग, कृषि विभाग सहित अन्य विभागों की सीएम हेल्पलाईन शिकायतों के निराकरण प्रगति की समीक्षा की गई। इस दौरान जिला महिला बाल विकास विभाग अधिकारी की सीएम हेल्पलाईन निराकरण में बेहतर कार्य करने पर सराहना की गई।
सीएम हेल्पलाईन नॉन अटेन्डेन्ट रहने पर होगी कार्यवाही
नॉन अटेन्डेन्ट सीएम हेल्पलाईन शिकायतों की जानकारी लेते हुए उन्होंने आयुष विभाग, कृषि विभाग, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, खेल एवं युवा कल्याण विभाग तथा नगरीय निकाय सहित अन्य विभाग की सीएम हेल्पलाईन नॉन अटेन्डेन्ट रहने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए सभी अधिकारियों से कहा कि आगे से कोई भी शिकायत नॉन अटेन्डेन्ट ना रहे। यदि सीएम हेल्पलाईन नॉन अटेन्डेन्ट रहती है तो संबंधित अधिकारी के विरूद्ध कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने उच्च न्यायालय में लंबित प्रकरणों की जानकारी लेते हुए समयावधि में जबावदावा दर्ज कराने के निर्देश दिए। साथ ही सिविल न्यायालय में लंबित प्रकरणों की भी जानकारी ली।
मुख्यमंत्री जनविश्वास शिविरों में नागरिकों की भागीदारी बढ़ाएं
कलेक्टर श्री सिसोनिया में मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान शिविर के आयोजन की जानकारी लेते हुए एसडीएम और जनपद सीईओ को निर्देश दिए कि शिविर आयोजन स्थल एवं दिनांक का पर्याप्त समय पहले विभिन्न माध्यमों से समुचित प्रचार-प्रसार कराया जाए। जिससे कि अधिक से अधिक नागरिकों की शिविर में सहभागिता हो। इसी प्रकार कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान उन्होंने जिले में खाद की उपलब्धता, धान पंजीयन तथा पराली जलाने की घटनाओं को रोकने किए जा रहे कार्यो की जानकारी ली। उन्होंने पराली जलाने से रोकने के लिए अभियान के रूप में कार्य करते हुए किसानों को जागरूक करने और वैकल्पिक उपायों की जानकारी देने के लिए कहा।
कोई भी विद्यार्थी छात्रवृत्ति के भुगतान से वंचित ना रहे
बैठक में स्कूल शिक्षा विभाग तथा उच्च शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान कुछ विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति राशि का भुगतान नहीं होने पर कलेक्टर श्री सिसोनिया ने कहा कि जिला पंचायत सीईओ के निर्देशन में जिला शिक्षा अधिकारी, प्राचार्य शासकीय महाविद्यालय, जिला संयोजक जनजातीय कार्य विभाग और एलडीएम को समन्वित रूप से सभी पात्र विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति का भुगतान कराने हेतु आवश्यक कार्यवाही पूर्ण कराएं। उन्होंने कहा कि आवश्यकता होने पर स्कूल, कॉलेज में शिविर लगाकर कार्यवाही पूर्ण कराएं। इसी प्रकार जिला परिवहन अधिकारी को यात्री बसों और स्कूल बसों की नियमित जांच करने के निर्देश देते हुए कहा कि बसों की फिटनिस, मेडिकल किट सहित सभी सुरक्षा इंतजामों की जांच की जाए।
कलेक्टर श्री सिसोनिया ने रायसेन नगर को साफ, स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए नियमित साफ-सफाई कराने के साथ ही पथ विक्रेताओं को व्यवस्थित करने के संबंध में दिशा-निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री कमल सोलंकी, डीएफओ रायसेन श्रीमती प्रतिभा शुक्ला, डीएफओ औबेदुल्लागंज श्री हेमंत रायकवार, अपर कलेक्टर श्री मनोज उपाध्याय, डिप्टी कलेक्टर्स तथा जिला अधिकारी उपस्थित है। विकासखंडों से एसडीएम, तहसीलदार, जनपद सीईओ, सीएमओ सहित अन्य अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से बैठक में उपस्थित हैं।
#Raisen Jansampark Madhya Pradesh JDjansampark Bhopal Bhopal Commissioner Collector Office Raisen
12 views | Raisen, Madhya Pradesh | Oct 19, 2026