दहेज के लोभ में बुझ गया घर का चिराग, 3 माह की गर्भवती नवविवाहिता को जहर देकर मार डाला!
दहेज रूपी दानव ने एक बार फिर एक हंसती-खेलती जिंदगी और उसके गर्भ में पल रहे मासूम को लील लिया। अरवल जिला के अमरा पंचायत अंतर्गत अमरा चौकी की रहने वाली वशिष्ठ पासवान की 20 वर्षीय पुत्री ममता कुमारी की शादी महज 6 महीने पहले औरंगाबाद के गोह थाना क्षेत्र के घेघना निवासी दीपक कुमार पासवान से हुई थी। किसे पता था कि धूमधाम से विदा हुई बेटी महज 6 महीने में कफन में लिपटी वापस आएगी।
क्या है पूरा मामला?
परिजनों के अनुसार, शादी के कुछ समय बाद से ही ममता को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाने लगा था। वह अक्सर फोन पर अपनी मां और परिजनों को रो-रोकर आपबीती सुनाती थी। 31 अक्टूबर 2026 की रात करीब 10 बजे दामाद दीपक कुमार अमरा चौकी (ममता के मायके) पहुंचा और जबरन उसे साथ ले जाने की जिद करने लगा। इसी बीच, दीपक ने अपनी 3 माह की गर्भवती पत्नी ममता को जबरन जहर (प्वाइजन) खिला दिया।
रास्ते में तोड़ा दम, मची चीख-पुकार
ममता की हालत बिगड़ती देख परिजनों ने तत्परता दिखाते हुए आपातकालीन सेवा 112 पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर अचेत ममता को सदर अस्पताल भर्ती कराया। डॉक्टरों ने स्थिति नाजुक देखते हुए उसे PMCH पटना रेफर कर दिया। लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था, पटना ले जाने के दौरान महाबलीपुर के पास ममता ने दम तोड़ दिया। एक हैवान पति के लालच ने दो जिंदगियों का अंत कर दिया।
प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग
इस हृदयविदारक घटना से पूरे गांव में मातमी सन्नाटा और आक्रोश है। मृतका के परिजनों और ग्रामीणों ने बिहार सरकार एवं जिला प्रशासन से गुहार लगाई है कि आरोपी पति और उसके परिवार पर कठोरतम कार्रवाई की जाए, ताकि समाज में एक कड़ा संदेश जाए और फिर किसी और की बेटी दहेज की बलि न चढ़े। Public ki Awaz Arvind Yadav Public Ki Awaz - News
#ArwalNews #AurangabadNews #CrimeNews #BiharPolice #DowryDeath #JusticeForMamta #BiharNews
Arwal, Arwal | Nov 1, 2026