स्पा सेंटरों की आड़ में कथित देह व्यापार का धंधा, पुलिस की कार्रवाई पर उठे गंभीर सवाल
राजधानी लखनऊ में स्पा सेंटरों की आड़ में कथित रूप से अनैतिक देह व्यापार संचालित होने के मामलों ने एक बार फिर तूल पकड़ लिया है। इस मामले में पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर लगातार सवाल खड़े हो रहे हैं। आरोप है कि शिकायतों के बाद पुलिस केवल खानापूर्ति के नाम पर दिखावे की कार्रवाई करती है और कुछ ही समय बाद ये गतिविधियां दोबारा शुरू हो जाती हैं।
कृष्णानगर के 'सोना स्पा' पर गंभीर आरोप
ताजा मामला कृष्णानगर स्थित 'सोना स्पा' से जुड़ा हुआ सामने आया है। स्थानीय निवासियों का दावा है कि इस स्पा सेंटर की आड़ में लंबे समय से आपत्तिजनक और अवैध गतिविधियां चलाई जा रही हैं। क्षेत्र के लोगों ने कई बार इसकी लिखित व मौखिक शिकायतें भी कीं, लेकिन ठोस व प्रभावी कार्रवाई न होने से अवैध कारोबारियों के हौसले बुलंद हैं।
प्रशासनिक मिलीभगत और निष्पक्ष जांच की मांग
स्थानीय लोगों और शिकायतकर्ताओं का कहना है कि यदि पुलिस के पास शिकायतें और पुख्ता सबूत मौजूद हैं, तो इसके बावजूद ठोस कार्रवाई में देरी क्यों की जा रही है? क्या पूरे सिंडिकेट और नेटवर्क की कोई निष्पक्ष जांच होगी या मामला ठंडे बस्ते में डाल दिया जाएगा? चर्चा यह भी है कि जिम्मेदार अधिकारियों व संबंधित व्यक्तियों के बीच कथित ‘सेटिंग’ के चलते यह अवैध कारोबार फल-फूल रहा है।
अब देखना यह होगा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कमिश्नर स्तर से इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाती है या नहीं।
Hardoi, Hardoi | Sep 22, 2026