अवैध एक नाली टोपेदार बंदूक सहित दो आरोपी गिरफ्तार
अजमेर। जिला स्पेशल टीम अजमेर और रामगंज थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अवैध हथियारों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने एक नाली टोपेदार बंदूक सहित दो युवकों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ रामगंज थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार 19 अगस्त 2026 को डीएसटी प्रभारी शंकर सिंह रावत को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सोमलपुर में शाही का बाडिया इलाके में एक युवक सफेद टी-शर्ट और काले रंग की लोअर पहने टोपेदार बंदूक लेकर घूम रहा है और किसी बड़ी वारदात को अंजाम दे सकता है।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए जिला पुलिस अधीक्षक अजमेर के निर्देश पर डीएसटी अजमेर और रामगंज थाना पुलिस की टीम ने सोमलपुर पहुंचकर संदिग्ध युवक की तलाश शुरू की। शाही का बाडिया में पूर्व सरपंच कुंकी के मकान के बाहर गली में संदिग्ध युवक दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोककर पूछताछ की तो उसने अपना नाम आशिक पुत्र रोशन, उम्र 22 वर्ष, जाति चीता, निवासी डाली का बाडिया, अजमेर बताया।
पुलिस ने उसके पास मौजूद एक नाली टोपेदार बंदूक के संबंध में लाइसेंस और परमिट मांगा, लेकिन आरोपी ने कोई लाइसेंस परमिट नहीं होना बताया। पूछताछ में उसने बताया कि यह बंदूक करीब 7-8 महीने पहले अपने दोस्त अशरफ पुत्र दौलत, निवासी डाली का बाडिया, सोमलपुर से खरीदना बताया।
इसके बाद पुलिस ने अशरफ को भी गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों के खिलाफ पुलिस थाना रामगंज में प्रकरण संख्या 289/2026 दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया है।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी आशिक और अशरफ दोनों की उम्र 22 वर्ष है और दोनों डाली क्षेत्र के रहने वाले हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि अवैध हथियार कहां से खरीदा गया और इसका इस्तेमाल किसी वारदात में किया जाना था या नहीं।
कार्रवाई में डीएसटी प्रभारी शंकर सिंह रावत के नेतृत्व में जिला स्पेशल टीम तथा रामगंज थाना पुलिस की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Ajmer Police Rajasthan
Ajmer, Ajmer | Aug 21, 2026