एयर स्ट्राइक के मद्देनजर बजे सायरन से सभी हो गए सचेत एवं सतर्क
नागरिक सुरक्षा तंत्र और आपातकालीन प्रतिक्रिया का परीक्षण और सुदृढ़ीकरण है नागरिक सुरक्षा मॉक ड्रिल का उद्देश्य
यमुनानगर, 27 नवम्बर- राष्ट्रव्यापी नागरिक सुरक्षा अभ्यास के तहत यमुनानगर जिला में एयर स्ट्राइक के मद्देनजर मॉकड्रिल का आयोजन हुआ। जिला में रेलवे वर्कशॉप के स्टेडियम में निर्धारित समयावधि में मॉक ड्रिल हुई। नगराधीश पीयूष गुप्ता के नेतृत्व में जिला में योजनाबद्ध तरीके से नागरिक सुरक्षा अभ्यास किया गया जिसमें आपदा की स्थिति में हुई जान माल की रक्षा के लिए पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की गई।
नगराधीश पीयूष गुप्ता ने बताया कि उपायुक्त प्रीति के मार्गदर्शन में जिला में नागरिक सुरक्षा तंत्र और आपातकालीन प्रतिक्रिया का परीक्षण और सुदृढ़ीकरण करने के उद्देश्य से मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। मॉक ड्रिल में सायरन के साथ पर अभ्यास शुरू हुआ और जिन भवनों में प्रथम व द्वितीय तल पर लोग मौजूद थे वे तुरंत प्रभाव से भू तल पर आ गए और स्वयं को सुरक्षित स्थानों पर पहुंच गए। जहां कहीं भी आपदा की स्थिति के दौरान लोग ऊपरी तलों पर फंस गए थे उन्हें सुरक्षित तरीके से फायर बिग्रेड कर्मियों व आपदा मित्रों द्वारा नीचे उतारा गया और इलाज के लिए निकटवर्ती अस्पताल में पहुंचाया गया।
नगराधीश ने कहा कि हवाई हमले की चेतावनी वाला सायरन बजाकर सरकारी विभागों और स्वयंसेवकों सहित सभी हितधारकों को शामिल करते हुए महत्वपूर्ण स्थान पर मॉक ड्रिल ऑपरेशन शुरू किया गया। उन्होंने बताया कि इस मॉक ड्रिल के माध्यम से लोगों को जागरूक किया गया कि ऐसी स्थिति आने पर आश्रय के रूप में एक सुरक्षित आंतरिक कमरे या तहखाने की पहचान करें। उन्होंने बताया कि यह मॉक ड्रिल आपातकालीन स्थिति में क्या करें और क्या न करें और क्या-क्या सावधानियां बरतने के उद्देश्य से करवाई गई है। उन्होंने आमजन से आह्वान किया वे अपने क्षेत्र में होने वाली किसी भी संदिग्ध गतिविधि की रिपोर्ट तुरंत पुलिस और स्थानीय अधिकारियों को दें। उन्होंने कहा कि इस अभ्यास का उद्देश्य नागरिकों को किसी भी आपात स्थिति के लिए तैयार करना तथा विकट स्थिति के दौरान बड़े पैमाने पर दहशत की संभावना को कम करना है।
इस दौरान डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. पुनीत कालड़ा, सेंटर कमांडर हरविन्द्र सिंह, जिला कमांडर राजेश कुमार, रेड क्रॉस, फायर ब्रिगेड, एम्बुलेंस व सिविल अस्पताल के चिकित्सकों की टीम, पुलिस व होमगार्ड के जवान, सिविल डिफेंस के अमरजीत एवं अन्य कर्मियों सहित एनएसएस व एनसीसी के कैडेट उपस्थित रहे।
#highlight #follower
Jagadhri, Yamuna Nagar | Nov 27, 2026