सामाजिक अवसरों को जनसेवा से जोड़ने की पहल अनुकरणीय – मंत्री श्री कुशवाह
सामाजिक न्याय एवं उद्यानिकी मंत्री श्री कुशवाह स्वास्थ्य शिविर में शामिल हुए
चिकित्सकों का किया सम्मान
सामाजिक न्याय , दिव्यांगजन सशक्तिकरण एवं उद्यानिकी व खाद्य प्रसंस्करण मंत्री श्री नारायण सिंह कुशवाह ने बुधवार को सिंधी कॉलोनी स्थित शासकीय हाई सेकेण्ड्री पागनवीसी विद्यालय में आयोजित स्वास्थ्य शिविर में सहभागिता की। उन्होंने शिविर में स्वास्थ्य सेवाएँ प्रदान कर रहे चिकित्सकों का सम्मान किया और उनके समर्पण, सेवा भावना एवं जनकल्याण के प्रति योगदान की सराहना की। मंत्री श्री कुशवाह ने क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि श्री दिनेश जैन के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में साझा प्रयासों से आयोजित हुए स्वास्थ्य शिविर की सराहना करते हुए कहा कि सामाजिक अवसरों को जनसेवा से जोड़ने की यह पहल अनुकरणीय है।
इस अवसर पर मंत्री श्री कुशवाह ने कहा कि स्वास्थ्य सेवा सबसे बड़ा मानव धर्म है। समाज के सहयोग और चिकित्सकों की सेवा भावना से आयोजित ऐसे स्वास्थ्य शिविर आमजन को समय पर उपचार एवं स्वास्थ्य संबंधी परामर्श उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि शासन का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएँ पहुँचाना है और जनसहभागिता से आयोजित इस प्रकार के आयोजन समाज में सेवा एवं संवेदनशीलता की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने शिविर के सफल आयोजन के लिए आयोजकों तथा सहयोगी चिकित्सकों को शुभकामनाएँ दीं।
इस अवसर पर श्री अमर कुटे, श्री गोपाल जाटव, शासकीय हाई सेकेण्ड्री पागनवीसी विद्यालय के प्राचार्य श्री संजय निगम व हजार बिस्तर अस्पताल के सहायक अधीक्षक सहित स्थानीय नागरिक, जनप्रतिनिधिगण एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
#gwalior
JDjansampark Gwalior
CM Madhya Pradesh