बिहार छपरा मशरक के डुमरसन में फर्जी क्लीनिकों पर स्वास्थ्य विभाग का छापा, शिवम क्लीनिक सील
✍️ मशरक। सारण जिले के मशरक प्रखंड के डुमरसन में गुरुवार को स्वास्थ्य विभाग ने निजी क्लीनिकों और अल्ट्रासाउंड केंद्रों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। टीम ने करीब आधा दर्जन निजी क्लीनिकों की जांच की। कार्रवाई के दौरान इलाके में हड़कंप मच गया।
जांच के दौरान डुमरसन स्थित शिवम क्लीनिक को सील कर दिया गया। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, क्लीनिक के संचालन में अनियमितताएं मिलने के बाद यह कार्रवाई की गई। बताया गया कि दो दिन पहले इसी क्लीनिक में प्रसव के दौरान जच्चा और नवजात की मौत का मामला सामने आया था। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने जांच तेज कर दी।
फर्जी डिग्री का भी मामला सामने आया
जांच के दौरान डॉ. पी.के. सिंह से संबंधित हड्डी रोग विशेषज्ञ की डिग्री की भी जांच की गई, जिसे कथित तौर पर फर्जी पाया गया। वहीं, उनके क्लीनिक के संचालन में निर्धारित मानकों का पालन नहीं होने की बात भी सामने आई।
इसके अलावा प्रसाद अल्ट्रासाउंड केंद्र की भी जांच की गई। जांच टीम ने संचालक को आवश्यक कागजात प्रस्तुत करने के लिए दो दिन का समय दिया है। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि दस्तावेजों में गड़बड़ी या फर्जी कागजात पाए जाने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में हुई कार्रवाई
कार्रवाई के दौरान नोडल पदाधिकारी सह चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. चन्द्रशेखर सिंह, मशरक डीएसपी संजय कुमार सुधांशु, थानाध्यक्ष उज्ज्वल कुमार सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया कि निजी क्लीनिकों और जांच केंद्रों के संचालन में नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।
Rahui, Nalanda | Sep 4, 2026