क्विज में ज्ञान का दिखा दम, मेधावी प्रतिभागियों को मिला सम्मान
योगी बाबा परिसर में जुटे 100 से अधिक प्रतिभागी, ‘बताओ तो जाने’ श्रृंखला के टॉपर भी हुए सम्मानित
जलालपुर। देवरिया स्थित योगी बाबा परिसर रविवार को ज्ञान और प्रतिभा के संगम का गवाह बना। शिक्षक दिवस सप्ताह के अवसर पर आयोजित ओपन क्विज कांटेस्ट में 100 से अधिक प्रतिभागियों ने लिखित परीक्षा में हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के सफल प्रतिभागियों को कोपा थानाध्यक्ष संजीव कुमार ने सम्मानित कर उनका उत्साह बढ़ाया।
प्रतियोगिता में बिट्टू कुमार यादव ने प्रथम, गुड्डू कुमार ने द्वितीय, दलन कुमार यादव ने तृतीय, अलका कुमारी ने चतुर्थ तथा प्रियंका कुमारी ने पांचवां स्थान हासिल किया। इसके अलावा कविता कुमारी सहित 50 से अधिक प्रतिभागियों को भी सम्मानित किया गया।
इस मौके पर थानाध्यक्ष संजीव कुमार ने कहा कि पढ़ाई के साथ ऐसी प्रतियोगिताओं में भाग लेने से बच्चों और युवाओं में आत्मविश्वास बढ़ता है। सामान्य ज्ञान को मजबूत करने के साथ प्रतियोगिताएं स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना भी विकसित करती हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को बेहतर भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
‘बताओ तो जाने’ के टॉपर भी हुए सम्मानित
कार्यक्रम में योगी बाबा क्विज क्लब के व्हाट्सएप ग्रुप पर संचालित लोकप्रिय ‘बताओ तो जाने’ सामान्य ज्ञान श्रृंखला में जून, जुलाई और अगस्त माह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले टॉप-7 प्रतिभागियों को भी सम्मानित किया गया। इसमें चंदन तिवारी प्रथम, प्रियंका शर्मा द्वितीय तथा गुड्डू साह तृतीय स्थान पर रहे।
क्विज क्लब के संचालक एवं कार्यक्रम के आयोजक अखिलेश्वर कुमार पांडेय ने कहा कि प्रतियोगिता का उद्देश्य बच्चों और युवाओं में पढ़ाई के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ उन्हें अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देना है। उन्होंने कहा कि ‘बताओ तो जाने’ श्रृंखला के माध्यम से सामान्य ज्ञान और समसामयिक घटनाओं से जुड़े प्रश्न नियमित रूप से प्रतिभागियों तक पहुंचाए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में कोपा नगर पंचायत के उप पार्षद प्रतिनिधि राहुल कुमार सिंह, बिहार राज्य जदयू आदिवासी संघ के प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश कुमार साह, प्रिंस कुमार यादव, दलन यादव, अमन शर्मा, जयप्रकाश साह, चंदन तिवारी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण, अभिभावक और प्रतिभागी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में विजेताओं को सम्मानित करते हुए आयोजकों ने कहा कि प्रतिभा को पहचान और प्रोत्साहन मिले तो ग्रामीण क्षेत्र के बच्चे भी सफलता की नई ऊंचाइयों तक पहुंच सकते हैं।
Rahui, Nalanda | Sep 7, 2026