#नालंदा - शिक्षक दिवस पर अजीत कोचिंग सेंटर में सांस्कृतिक कार्यक्रम, मेधावी छात्र-छात्राएं हुए सम्मानित
देशभक्ति गीतों पर छात्र-छात्राओं ने दी शानदार प्रस्तुति, अतिथियों ने बढ़ाया बच्चों का उत्साह
नालंदा से संवाददाता राकेश कुमार
नालंदा जिले के चंडी प्रखंड क्षेत्र स्थित बेलछी मोड़ पर अजीत कोचिंग सेंटर की ओर से शिक्षक दिवस के अवसर पर शनिवार को भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीतों और संगीत पर एक से बढ़कर एक नृत्य एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। शानदार प्रस्तुतियों पर कार्यक्रम स्थल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ चंडी प्रखंड के जिला परिषद सदस्य निरंजन मालाकार, हरनौत नगर पंचायत के उप मुख्य पार्षद प्रतिनिधि सह समाजसेवी सुरेश सिंह और स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता मनोज कुमार ने संयुक्त रूप से फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम में पहुंचने पर कोचिंग सेंटर के संचालक अजीत कुमार ने सभी मुख्य अतिथियों का अंगवस्त्र एवं माला पहनाकर स्वागत किया।
कार्यक्रम की शुरुआत भारत के पूर्व राष्ट्रपति एवं महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इसके बाद कोचिंग सेंटर के संचालक अजीत कुमार एवं उनकी पत्नी ने केक काटकर शिक्षक दिवस मनाया। इस दौरान उपस्थित छात्र-छात्राओं और अभिभावकों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं।
देशभक्ति प्रस्तुतियों ने बांधा समां
सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान कोचिंग सेंटर के दर्जनों छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीतों सहित विभिन्न गीतों पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुत किए। बच्चों की शानदार प्रस्तुति देखकर मौजूद अभिभावक और अतिथि काफी उत्साहित नजर आए। हर प्रस्तुति के बाद लोगों ने तालियां बजाकर बच्चों का उत्साह बढ़ाया।
शिक्षक विद्यार्थियों के भविष्य का निर्माण करते हैं : निरंजन मालाकार
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला परिषद सदस्य निरंजन मालाकार ने कहा कि शिक्षक समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। शिक्षक केवल बच्चों को किताबी ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि उन्हें संस्कार, अनुशासन और जीवन में आगे बढ़ने की दिशा भी दिखाते हैं। उन्होंने छात्र-छात्राओं से शिक्षकों का सम्मान करने और उनके बताए मार्ग पर चलने की अपील की।
उन्होंने कहा कि आज के विद्यार्थी ही देश का भविष्य हैं। विद्यार्थियों को अपनी पढ़ाई के साथ-साथ अनुशासन और अच्छे संस्कार को भी जीवन में अपनाना चाहिए।
शिक्षा के साथ संस्कार भी जरूरी : सुरेश सिंह
वहीं हरनौत नगर पंचायत के उप मुख्य पार्षद प्रतिनिधि सह समाजसेवी सुरेश सिंह ने कहा कि शिक्षक दिवस हमें अपने शिक्षकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर देता है। शिक्षक विद्यार्थियों को सही दिशा देकर उनके भविष्य को संवारने का काम करते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ बच्चों में अच्छे संस्कार और देशप्रेम की भावना विकसित करना भी बेहद जरूरी है।
हर वर्ष आयोजित होता है कार्यक्रम : अजीत कुमार
कोचिंग सेंटर के संचालक अजीत कुमार ने बताया कि प्रत्येक वर्ष की तरह इस वर्ष भी शिक्षक दिवस के अवसर पर कोचिंग सेंटर परिसर में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए मंच उपलब्ध कराना है।
उन्होंने बताया कि इस अवसर पर कक्षा आठवीं, नौवीं और दसवीं के दर्जनों छात्र-छात्राओं को मोमेंटो, मेडल एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की मेहनत और प्रतिभा को प्रोत्साहित करने से उनमें आगे बढ़ने का आत्मविश्वास पैदा होता है।
अजीत कुमार ने कहा कि शिक्षक और विद्यार्थी का संबंध बेहद महत्वपूर्ण होता है। एक अच्छा शिक्षक विद्यार्थियों को केवल परीक्षा में सफलता के लिए नहीं, बल्कि जीवन में एक बेहतर इंसान बनने के लिए भी प्रेरित करता है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को नियमित रूप से पढ़ाई करने और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की सलाह दी।
कार्यक्रम के दौरान प्रियंका कुमारी, विकास कुमार, संध्या कुमारी, अनुराग कुमार, वर्षा कुमारी, अंशु कुमारी, रेखा कुमारी समेत बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, अभिभावक एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के सफल आयोजन को लेकर बच्चों और अभिभावकों में काफी उत्साह देखने को मिला।
Rahui, Nalanda | Sep 5, 2026