मोकामा: स्कूल में औचक निरीक्षण, 236 की जगह 670 छात्रों की उपस्थिति दर्ज!
मोकामा प्रखंड के मध्य विद्यालय बरहपुर में सोमवार को बाढ़ एसडीओ कृष्णा जोशी के औचक निरीक्षण में कई अनियमितताएं सामने आईं।
निरीक्षण के दौरान प्रधानाध्यापक दयानिधि प्रसाद सिंह विद्यालय में अनुपस्थित मिले।
छात्रों की दैनिक उपस्थिति पंजी में उपस्थिति दर्ज नहीं थी।
जांच में विद्यालय में 236 छात्र उपस्थित पाए गए।
वहीं मध्याह्न भोजन योजना के मोबाइल एप पर 236 की जगह 670 छात्रों की उपस्थिति दर्ज मिली।
पूछताछ में एमडीएम प्रभारी ने बताया कि शिक्षिका के कहने पर 670 छात्रों की उपस्थिति दर्ज की गई थी। शिक्षिका ने प्रधानाध्यापक द्वारा मोबाइल पर ऐसा निर्देश दिए जाने की बात कही।
मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रधानाध्यापक से स्पष्टीकरण मांगा गया है और एक दिन का वेतन स्थगित करने की अनुशंसा की गई है। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर अनुशासनिक कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण प्रतिवेदन डीएम पटना और जिला शिक्षा पदाधिकारी को अग्रेतर कार्रवाई के लिए भेजा गया है।
#Mokama
Mokameh, Patna | Sep 9, 2026