ट्विनसिटी के विकास को लेकर मेयर ने मुख्यमंत्री से की महत्वपूर्ण चर्चा
मेयर के निवास पर पहुंचे मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का जोरदार अभिनंदन
यमुनानगर। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सोमवार देर शाम शहर के संजय विहार स्थित नगर निगम की महापौर सुमन बहमनी के निवास पर पहुंचे। यहां महापौर सुमन बहमनी और उनके परिवार ने मुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस दौरान शहर के विकास को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा हुई। महापौर ने मुख्यमंत्री के समक्ष ट्विनसिटी यमुनानगर-जगाधरी में चल रहे विकास कार्यों, प्रमुख परियोजनाओं और भविष्य की विकास योजनाओं का विस्तृत ब्यौरा रखा।
महापौर सुमन बहमनी ने मुख्यमंत्री को बताया कि प्रदेश सरकार के मार्गदर्शन और सहयोग से नगर निगम क्षेत्र में विकास कार्यों को निरंतर गति दी जा रही है। शहर में सड़कों के निर्माण एवं सुधार, स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत बनाने, सौंदर्यीकरण और नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने की दिशा में लगातार कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि नगर निगम का प्रयास है कि शहर के प्रत्येक वार्ड में समान रूप से विकास कार्य करवाए जाएं, ताकि आम नागरिकों को इनका सीधा लाभ मिल सके। इस अवसर पर महापौर ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि उनका नेतृत्व संवेदनशीलता, जनसेवा और विकास के प्रति समर्पण का प्रतीक है। मुख्यमंत्री स्वयं जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं को सुनते हैं और उनके समाधान के लिए तत्पर रहते हैं। उनके मार्गदर्शन से यमुनानगर-जगाधरी के विकास को नई दिशा और गति मिल रही है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भी शहर के समग्र विकास को लेकर महापौर को हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य शहरी क्षेत्रों में विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करवाना और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाना है। महापौर सुमन बहमनी ने मुख्यमंत्री का अपने निवास पर आगमन करने और शहर के विकास को लेकर सकारात्मक मार्गदर्शन देने के लिए आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री श्याम सिंह राणा, विधायक घनश्याम दास अरोड़ा, भाजपा जिला अध्यक्ष राजेश सपरा, नगर निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद, आयुष विभाग के पूर्व निदेशक डा. सतपाल बहमनी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
फोटो कैप्शन - अपने निवास पर पहुंचने पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का स्वागत करती मेयर सुमन बहमनी व अन्य।
Jagadhri, Yamuna Nagar | Nov 16, 2026