मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत बुजुर्गों को अब निःशुल्क करवाई जाएगी वाराणसी यात्रा:-
पहले अयोध्या और नांदेड़ साहेब की हो चुकी है बुजुर्गों की निःशुल्क करवाई यात्राए :-
तोशाम, 22 नवम्बर।
हरियाणा सरकार मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत प्रदेश के बुजुर्ग श्रद्धालुओं को निःशुल्क तीर्थ यात्राए करवा रही है। इस अनूठी योजना के तहत अब तक प्रदेश के हजारों बुजुर्ग श्रद्धालुओं को अयोध्या तथा महाराष्ट्र स्थित श्री हजूर साहिब, नांदेड़ की स्पेशल ट्रेन से निःशुल्क तीर्थ यात्रा करवाई जा चुकी है। अब अगली यात्रा दिसम्बर या जनवरी में वाराणसी की करवाई जाएगी।
इस संबंध में सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा से मिली जानकारी के अनुसार विभाग के महानिदेशक डॉ. आदित्य दहिया ने चंडीगढ़ में गत दिनों आईआर सीटीसी के अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी आगामी दिनों में विशेष रेलगाड़ी को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
*बॉक्स*:-
बुजुर्गो को यह सुविधाएं निःशुल्क मिलेंगी। 3 एसी विशेष रेलगाड़ी में आने -जाने का किराया, यात्रा के दौरान खाना-पीना,तीर्थ स्थल पर ठहरने की व्यवस्था,रेलवे स्टेशन से तीर्थ स्थल तक लोकल ट्रांसपोर्ट और हर श्रद्धालु को पर्यटक किट दी जाएगी। हरियाणा सरकार ने इस योजना के लिए आईआरसीटीसी के साथ एमओयू किया है, ताकि ज्यादा से ज्यादा बुजुर्गों को ट्रेन से आरामदायक यात्रा करवाई जा सके।
इस निशुल्क श्रद्धालु यात्रा के लिए वे बुजुर्ग आवेदन कर सकते है,जिनकी उम्र 60 वर्ष या इससे अधिक हो और हरियाणा का स्थाई निवासी हो,परिवार की वार्षिक आय एक लाख 80 हजार रूपये से अधिक न हो,परिवार पहचान पत्र होना जरूरी है। एक व्यक्ति 3 साल में एक बार ही इस योजना का लाभ ले सकता है। 80 वर्ष से ऊपर के बुजुर्ग के साथ एक सहायक 50प्रतिशत किराया देकर जा सकता है।
यात्रा के लिए पात्र श्रद्धालुओं से आवेदन आमंत्रित करने के लिए जल्द ही पोर्टल खोला जाएगा। इच्छुक पात्र श्रद्धालु पोर्टल खुलने के बाद ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
*सरकार का संकल्प*
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा है कि जिन बुजुर्गों ने पूरी जिंदगी परिवार और समाज की सेवा में लगा दी, उन्हें बुढ़ापे में तीर्थ यात्रा के लिए किसी के आगे हाथ न फैलाना पड़े, यही इस योजना का मकसद है। सरकार चाहती है कि हर धर्म, हर वर्ग के बुजुर्ग को अपने आराध्य के दर्शन का मौका मिले।आपको बता दें कि बुजुर्गो की पहली यात्रा अयोध्या धाम मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अंबाला से अयोध्या के लिए पहली विशेष रेलगाड़ी को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था। इस यात्रा में करीब 700 बुजुर्ग श्रद्धालु अयोध्या गए और श्री राम मंदिर में रामलला के दर्शन किए। वहीं दूसरी यात्रा श्री हजूर साहिब, नांदेड़ के लिएप्रदेश के सभी जिलों से विशेष रेलगाड़ी चलाई गई। सिख श्रद्धालुओं ने वहां गुरु गोबिंद सिंह जी के पावन धाम के दर्शन किए। यह यात्रा सभी धर्मों के लोगों के लिए समान भाव से करवाई गई।
इसी कड़ी में तीसरी यात्रा वाराणसी (काशी विश्वनाथ) की अब हरियाणा सरकार दिसंबर या जनवरी माह में विशेष रेलगाड़ी से श्रद्धालुओं को वाराणसी ले जाएगी। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को वाराणसी के प्रमुख तीर्थ स्थलों, काशी विश्वनाथ मंदिर के दर्शन करवाए जाएंगे।
Bhiwani, Bhiwani | Nov 22, 2026