*पूर्वी चंपारण जिला के 90 पंचायत में सेवा सेतु शिविर का हुआ आयोजन*
आज दिनांक 06 अक्टूबर 2026 को पूर्वी चंपारण जिला अंतर्गत कुल 90 पंचायतों में सेवा सेतु शिविर का आयोजन किया गया।
सेवा सेतु शिविर का मुख्य उद्देश्य पंचायत क्षेत्र के आम नागरिकों की समस्याओं एवं शिकायतों का स्थानीय स्तर पर त्वरित निराकरण सुनिश्चित करना तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ आमजनों तक सुगमता से पहुंचाना रहा। शिविर में विभिन्न विभागों के प्रखंड एवं अंचल स्तरीय पदाधिकारी एवं कर्मी अपने-अपने निर्धारित काउंटर पर उपस्थित रहे तथा आम नागरिकों से प्राप्त आवेदनों एवं समस्याओं को सुनकर आवश्यक कार्रवाई की प्रक्रिया प्रारंभ की गई।
सेवा सेतु शिविर में स्थानीय ग्रामीणों द्वारा सड़क, आवास, राशन, पेंशन, राजस्व, मनरेगा, शिक्षा, स्वास्थ्य, विद्युत, पेयजल सहित विभिन्न विभागों से संबंधित अपनी समस्याओं एवं शिकायतों से पदाधिकारियों को अवगत कराया गया।
पदाधिकारियों के द्वारा शिविर में उपस्थित आम नागरिकों से सीधे संवाद करते हुए उनकी समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना गया। प्राप्त शिकायतों एवं आवेदनों को संबंधित विभागों के पदाधिकारियों एवं कर्मियों द्वारा संधारित किया गया तथा प्रत्येक मामले के निष्पादन हेतु आवश्यक प्रक्रिया सुनिश्चित की गई।
जिलाधिकारी श्री सौरभ सुमन यादव ने संबंधित पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि प्राप्त आवेदनों की जांच एवं नियमानुसार त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करें तथा किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब नहीं हो इसका ध्यान रखें।
शिविर के दौरान आम नागरिकों को विभिन्न लोक सेवाओं का लाभ भी प्रदान किया गया। इस क्रम में जन्म प्रमाण-पत्र, मृत्यु प्रमाण-पत्र एवं मनरेगा जॉब कार्ड सहित आवश्यक प्रमाण-पत्रों का वितरण किया गया। इससे ग्रामीणों को अपने पंचायत क्षेत्र में ही सरकारी सेवाओं का लाभ प्राप्त हुआ और उन्हें अनावश्यक रूप से प्रखंड अथवा जिला मुख्यालय का चक्कर लगाने से राहत मिली।
इस सहयोग शिविर में राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग, आपूर्ति विभाग,सामाजिक कल्याण विभाग , लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान, स्वास्थ्य विभाग, आवास विभाग, ग्रामीण विकास विभाग से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए,जिसमें से तुरंत निष्पादन योग्य आवेदनों का ऑन द स्पॉट निष्पादन सुनिश्चित किया गया शेष आवेदनों का गुणवत्तापूर्ण निष्पादन हेतु संबंधित विभाग के पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए ।
जिला पदाधिकारी महोदय ने कहा है कि प्रशासन का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान एवं सरकारी योजनाओं/सेवाओं की सहज उपलब्धता सुनिश्चित करना है। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों का विभागवार संधारण करते हुए नियमानुसार कार्रवाई करें तथा लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करें।
सहयोग शिविर में विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों द्वारा ग्रामीणों को सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी भी दी गई। शिविर के माध्यम से प्रशासन एवं आम नागरिकों के बीच सीधा संवाद स्थापित हुआ तथा ग्रामीणों को अपनी समस्याएं सीधे जिला स्तरीय पदाधिकारियों के समक्ष रखने का अवसर मिला।
जिला के वरीय पदाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को प्राप्त आवेदनों पर समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई करते हुए आम नागरिकों को त्वरित राहत उपलब्ध कराने का निर्देश दिए।
सेवा सेतु शिविर में प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी गण, सम्बन्धित पंचायत के माननीय मुखिया, वार्ड सदस्य, सरपंच सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण आदि उपस्थित हुए।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar