वेस्ट से बेस्ट बनाकर बच्चों ने दिया स्वच्छता का संदेश, बनाई आकर्षक राखियां
गीता विद्या पब्लिक स्कूल में “बंधन स्वच्छता का” जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
यमुनानगर। नगर निगम की स्वच्छ भारत मिशन की टीम द्वारा स्नेह सेवा ट्रस्ट एनजीओ की संस्थापक ममता सेन के सहयोग से गीता विद्या पब्लिक स्कूल में “बंधन स्वच्छता का” जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और वेस्ट मटेरियल के रचनात्मक पुनः उपयोग के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम के दौरान स्वच्छ भारत मिशन शहरी के विशेषज्ञ दुर्गेश ने बताया कि घर और विद्यालय से निकलने वाली अनुपयोगी वस्तुओं को सीधे कूड़े में फेंकने के बजाय उनका रचनात्मक तरीके से दोबारा इस्तेमाल किया जा सकता है। इसी संदेश को आगे बढ़ाते हुए विद्यार्थियों ने कागज, कपड़े, सजावटी सामग्री और अन्य वेस्ट मटेरियल से सुंदर एवं आकर्षक राखियां तैयार कीं।
निगम की टीम ने विद्यार्थियों को रिड्यूस, रीयूज और रिसाइकल की अवधारणा की जानकारी देते हुए बताया कि वेस्ट सामग्री का पुनः उपयोग करने से कचरे की मात्रा कम करने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक मानव श्रृंखला बनाकर स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। बच्चों ने कचरा इधर-उधर न फेंकने, गीले एवं सूखे कचरे को अलग-अलग रखने, वेस्ट मटेरियल का पुनः उपयोग करने और अपने आसपास स्वच्छ वातावरण बनाए रखने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर रक्षाबंधन के पवित्र पर्व को स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण से जोड़ते हुए विद्यार्थियों ने संदेश दिया कि जिस प्रकार राखी भाई-बहन के बीच प्रेम, विश्वास और जिम्मेदारी का बंधन मजबूत करती है, उसी प्रकार प्रत्येक नागरिक को अपने शहर, पर्यावरण और स्वच्छता के साथ भी मजबूत रिश्ता बनाना चाहिए।
कार्यक्रम में विद्यालय के विद्यार्थियों एवं स्टाफ ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। गतिविधि के माध्यम से बच्चों में रचनात्मकता के साथ पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी और स्वच्छता के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने का प्रयास किया गया।
फोटो - वेस्ट सामान से राखियां बनाते बच्चे।