बीए परीक्षा देने निकली बेटी की सड़क हादसे में मौत, मुंगेर पुल पर बुझ गया परिवार का सबसे बड़ा सहारा
अमरपुर/बांका। एक परिवार के सपनों को उस समय गहरा आघात लगा जब बीए की परीक्षा देने जा रही 20 वर्षीय छात्रा खुशी कुमारी की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। घटना मुंगेर पुल के समीप हुई, जहां पीछे से आ रहे एक ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में खुशी कुमारी की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतका खुशी कुमारी अमरपुर प्रखंड के गोपालपुर गांव निवासी संजय सिंह की पुत्री थी। जानकारी के अनुसार वह बचपन से ही अपने ननिहाल चरोन (मुंगेर) में रहकर पढ़ाई कर रही थी। बुधवार को वह अपने मामा मनीष कुमार उर्फ चिंटू कुमार के साथ बाइक से बेगूसराय स्थित जीडी कॉलेज में बीए की परीक्षा देने जा रही थी। इसी दौरान मुंगेर पुल के समीप एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि खुशी कुमारी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
खुशी तीन बहनों में सबसे बड़ी थी। उसके असमय निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मुंबई में रहकर परिवार का भरण-पोषण करने वाले पिता संजय सिंह को जैसे ही बेटी की मौत की सूचना मिली, वे बदहवास हो उठे। वहीं मां रूपम देवी, बहन निक्की कुमारी और मुन्नी कुमारी का रो-रोकर बुरा हाल है। घर में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है और परिजनों के चीत्कार से माहौल गमगीन बना हुआ है।
परिजनों और ग्रामीणों ने बताया कि खुशी पढ़ाई में काफी होनहार थी और उच्च शिक्षा प्राप्त कर परिवार का सहारा बनने का सपना देख रही थी। लेकिन परीक्षा केंद्र पहुंचने से पहले ही सड़क हादसे ने उसके सभी सपनों को हमेशा के लिए खत्म कर दिया।
मीटर
"बेगूसराय में बीए की परीक्षा देने जा रही अमरपुर की छात्रा खुशी कुमारी की मुंगेर पुल के समीप सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है और पूरे गांव में शोक की लहर है।"
Amarpur, Banka | Jun 5, 2026