सॉफ्ट स्किल्स रोजगार प्राप्त करने और व्यावसायिक सफलता के लिए आवश्यक: डॉ. शिवानी बारवाल
जोगिंदर नगर, सुनील कुमार।
राजीव गांधी स्मारक राजकीय महाविद्यालय जोगिंदर नगर में करियर काउंसलिंग एवं प्लेसमेंट सेल के सौजन्य से विद्यार्थियों को व्यावहारिक जीवन एवं रोजगार की आवश्यकताओं के लिए तैयार करने के उद्देश्य से एक विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रसिद्ध सॉफ्ट स्किल्स ट्रेनर डॉ. शिवानी बरवाल ने मुख्य वक्ता के रूप में शिरकत की। डॉ शिवानी बरवाल पूर्व में इसी महाविद्यालय की छात्रा रही है।
अपने व्याख्यान में डॉ. शिवानी बरवाल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए सॉफ्ट स्किल्स के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि शिक्षा पूरी करने के बाद रोजगार प्राप्त करने के साथ-साथ कार्यक्षेत्र में सफलता और निरंतर प्रगति के लिए सॉफ्ट स्किल्स का विकास अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को संचार कौशल, व्यक्तित्व विकास, आत्मविश्वास, टीमवर्क तथा अन्य महत्वपूर्ण सॉफ्ट स्किल्स के विभिन्न पहलुओं की जानकारी प्रदान की। साथ ही, उन्होंने विद्यार्थियों को अपने व्यक्तित्व को निखारने और भविष्य की व्यावसायिक चुनौतियों का आत्मविश्वास के साथ सामना करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के कार्यकारी प्राचार्य डॉ. दीपक मोहन बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहे। उन्होंने इस प्रकार के व्याख्यानों को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास एवं रोजगारपरक कौशल निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण बताया।
इस अवसर पर करियर काउंसलिंग एवं प्लेसमेंट सेल के सदस्य डॉ. दीप्ति शर्मा, डॉ. श्रवण सिंह, श्री नवीन निश्चल सूद, डॉ. विशाल कुमार, डॉ. अतुल कुमार, प्रो. आरती शर्मा, प्रो. ममता देवी और प्रो बिमला शर्मा सहित महाविद्यालय के विभिन्न संकायों के छात्र उपस्थित रहे।