#भरतपुर। रुदावल थाना इलाके के बरोदा गांव में चोरों ने एक मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी पार कर दी। वारदात के समय गृहस्वामी देवेंद्र सिंह बिजली विभाग की एफआरटी टीम में अपनी ड्यूटी पर था, जबकि उसके परिजन घर के बाहर बरामदे में सो रहे थे। चोरों ने बड़ी चालाकी से मकान के पीछे की तरफ लगा जंगला तोड़ा और कमरे के अंदर दाखिल हो गए। कमरे में घुसने के बाद चोरों ने पकड़े जाने के डर से अंदरूनी दरवाजों को रस्सियों से कसकर बांध दिया। इसके बाद चोरों ने कमरे में रखे संदूक को खंगाला और उसमें रखे कीमती आभूषण, जिनमें एक सोने की सीतारामी, चेन, अंगूठी, कुंडल और करीब 1 लाख 50 हजार रुपये की नकदी शामिल थी, लेकर फरार हो गए। सुबह जब परिजन जागे और उन्होंने कमरे का गेट खोलने की कोशिश की, तो वह अंदर से बंद मिला। इसके बाद जब परिजनों ने घर के पीछे जाकर देखा तो जंगला टूटा हुआ था, जिससे उन्हें चोरी का अहसास हुआ। अंदर जाकर देखा तो संदूक का ताला टूटा था और गहने-कैश गायब थे।