मऊगंज में गौवंश संरक्षण के लिए गौभक्तों ने निकाली भव्य शोभायात्रा
क्रांतिकारी संत स्वामी गोशरणानंद सरस्वती जी महाराज के सानिध्य में हुआ जनजागरण का शुभारंभ, गौमाता को राष्ट्रीय राजपत्र में घोषित करने की उठी मांग
मऊगंज। जिले में गौवंश संरक्षण और संवर्धन को लेकर गौभक्तों के प्रयास तेज हो गए हैं। सड़कों पर निराश्रित गौवंशों की बढ़ती संख्या, सड़क दुर्घटनाओं में गौवंशों एवं आम नागरिकों की सुरक्षा पर मंडराते खतरे और किसानों की फसलों को हो रहे नुकसान जैसे मुद्दों को लेकर जनजागरण अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 16 अक्टूबर को मऊगंज स्थित बिजली विभाग के पास हनुमान मंदिर से भव्य गौमय शोभायात्रा निकाली गई।
कार्यक्रम में रतलाम जिले के जावरा स्थित मां कामधेनु शक्तिपीठ सुजापुर से पधारे क्रांतिकारी संत स्वामी गोशरणानंद सरस्वती जी महाराज का सानिध्य प्राप्त हुआ। इस अवसर पर मऊगंज की अनुविभागीय अधिकारी रश्मि चतुर्वेदी सहित लगभग 110 गौभक्त उपस्थित रहे।
शोभायात्रा के उपरांत संत जी ने गौमाता की लघु आरती कर गौवंश संरक्षण की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। उन्होंने गौमाता के प्रति संवेदनशीलता, सेवा और संरक्षण की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया। इसके बाद श्रीरामचरितमानस से प्रेरित गौ राममय कथा के आयोजन की जानकारी दी गई। गौमाता की आरती के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
गौवंश संरक्षण के लिए जनजागरण पर जोर
गौभक्तों का कहना है कि निराश्रित गौवंशों की समस्या का स्थायी समाधान आवश्यक है, ताकि सड़कों पर होने वाली दुर्घटनाओं को रोका जा सके और किसानों की फसलों को भी नुकसान से बचाया जा सके। गौमाता को राष्ट्रीय राजपत्र में घोषित करने की मांग को लेकर CJUK समिति सहित जिले के गौभक्त विभिन्न माध्यमों से प्रयास कर रहे हैं।
गौवंश संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने और समाज को इस अभियान से जोड़ने के उद्देश्य से कथा एवं धार्मिक आयोजनों के माध्यम से लोगों को जागरूक करने की पहल की जा रही है।
विंध्य प्रदेश टीवी, मऊगंज
Mauganj, Rewa | Oct 16, 2026