छह साल बाद फिर साथ आए भाजपा-अकाली दल, पंजाब में मिलकर लड़ेंगे विधानसभा चुनाव
- सत्त में आए तो अकाली दल का नेता बनेगा मुख्यमंत्री, सीटों के बंटवारे पर फैसला बाकी; अमित शाह बोले- 2029 तक पंजाब को नशामुक्त करेंगे
नई दिल्ली।
पंजाब की राजनीति में बड़ा बदलाव करते हुए भारतीय जनता पार्टी और शिरोमणि अकाली दल छह साल बाद फिर एक साथ आ गए हैं। मंगलवार को दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और अकाली दल अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने गठबंधन का ऐलान किया। दोनों दल आगामी पंजाब विधानसभा चुनाव मिलकर लड़ेंगे। अमित शाह ने स्पष्ट किया कि चुनाव जीतने पर अकाली दल का नेता ही मुख्यमंत्री बनेगा। हालांकि, सीटों के बंटवारे को लेकर अभी कोई फैसला नहीं हुआ है। अमित शाह ने कहा कि अकाली दल भाजपा का सबसे पुराना साथी रहा है। दोनों दलों ने कई चुनाव साथ लड़े और जीते हैं। कुछ परिस्थितियों के कारण यह रिश्ता टूट गया था, लेकिन अब दोनों पार्टियां फिर एक साथ हैं। उन्होंने कहा कि यह गठबंधन लंबा चले, इसके लिए संयुक्त रोडमैप तैयार किया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सुखबीर बादल से बातचीत कर गठबंधन पर शुभकामनाएं दी हैं। शाह ने इसे हिंदू-सिख एकता और आपसी भाईचारे का प्रतीक बताया। सुखबीर सिंह बादल ने गठबंधन को राजनीतिक से ज्यादा भावनात्मक रिश्ता बताते हुए कहा कि भाजपा और अकाली दल का संबंध नाखून-मांस जैसा है। यह रिश्ता उनके पिता प्रकाश सिंह बादल और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी व लालकृष्ण आडवाणी ने बनाया था। उन्होंने कहा कि जब तक दोनों दल साथ रहे, पंजाब में शांति और विकास का माहौल रहा। आज पंजाब को फिर उसी दौर में ले जाने की जरूरत है।
किसानों, बंदी सिखों और करतारपुर कॉरिडोर पर चर्चा
गठबंधन के ऐलान के दौरान अकाली दल ने किसानों की समस्याओं, बंदी सिखों की रिहाई और करतारपुर कॉरिडोर दोबारा खोलने के मुद्दे भी उठाए। अमित शाह ने किसानों की समस्याओं पर अगले तीन महीनों में समाधान का रोडमैप तैयार करने का भरोसा दिया। बंदी सिखों की रिहाई के मुद्दे पर दोनों दलों के बीच आगे बातचीत होगी। वहीं, करतारपुर कॉरिडोर को लेकर शाह ने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा के कारण इसे बंद किया गया है। परिस्थितियां सामान्य होते ही इसे दोबारा खोल दिया जाएगा। शाह ने पंजाब में नशे और गैंगस्टरवाद को खत्म करना गठबंधन की प्राथमिकता बताया। उन्होंने 31 दिसंबर 2029 तक पंजाब को पूरी तरह नशामुक्त करने का लक्ष्य दोहराया। साथ ही भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने और कानून व्यवस्था सुधारने की बात कही। उन्होंने मौजूदा आम आदमी पार्टी सरकार पर वादे पूरे नहीं करने का आरोप लगाते हुए कहा कि आगामी चुनाव में एनडीए पंजाब में सरकार बनाएगा।
8 दिसंबर को मोगा में रैली, प्रधानमंत्री मोदी होंगे शामिल
सुखबीर बादल ने घोषणा की कि अकाली दल के संस्थापक नेताओं में शामिल रहे पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल की जयंती के अवसर पर 8 दिसंबर को मोगा में रैली आयोजित की जाएगी। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शामिल होंगे। भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि अकाली दल की एनडीए में वापसी से गठबंधन मजबूत होगा और यह पंजाब के विकास के साथ हिंदू-सिख एकता को भी मजबूती देगा।
गौरतलब है कि भाजपा और अकाली दल ने 1997, 2007 और 2012 में मिलकर पंजाब में सरकार बनाई थी। सितंबर 2020 में केंद्र सरकार के कृषि कानूनों के विरोध में अकाली दल ने 24 साल पुराना गठबंधन तोड़ दिया था। इसके बाद 2022 के विधानसभा चुनाव में अकाली दल को 3 और भाजपा को केवल 2 सीटों पर जीत मिली थी। छह साल बाद दोनों दलों की वापसी को पंजाब की आगामी चुनावी राजनीति में अहम घटनाक्रम माना जा रहा है।
Sirsa, Sirsa | Nov 24, 2026