सिरसा। जिले में नशे का बढ़ता प्रकोप युवाओं की जिंदगी को लगातार निगल रहा है। ताजा मामला संतनगर गांव का है, जहां 22 वर्षीय युवक सागर की उपचार के दौरान मौत हो गई। बताया जा रहा है कि सागर पिछले दो-तीन वर्षों से नशीली गोलियों और चिट्टे के सेवन का आदी था। मंगलवार शाम को सांस लेने में परेशानी होने के बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई और अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
वही इस मामले में जीवन नगर चोकी इंचार्ज से बातचीत की गई तो उन्होंने बताया कि सुनने में आया है कि एक 22 वर्षीय युवक की मौत हुई है परंतु हमारे पास न तो कोई पहले सूचना आई थी कि मृतक नशा करता था और न ही अब कोई सूचना हमे मिली है मृतक का आज अंतिम संस्कार भी कर दिया गया है
जानकारी के अनुसार मृतक सागर पुत्र गुरदेव सिंह निवासी संतनगर को सांस लेने में दिक्कत होने पर पहले सिरसा के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। वहां उसकी हालत में सुधार नहीं होने और तबीयत अधिक बिगड़ने पर परिजन उसे अग्रोहा मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे। यहां चिकित्सकों की देखरेख में उसका उपचार चल रहा था, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका। बताया जा रहा है कि सागर को निमोनिया भी हो गया था। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों की चिकित्सकीय पुष्टि होना बाकी है।
परिजनों के अनुसार सागर अविवाहित था और पांचवीं कक्षा तक पढ़ा हुआ था। वह गांव में दिहाड़ी मजदूरी करके अपने परिवार का हाथ बंटाता था। परिवार में उसका एक बड़ा भाई साजन है, जिसकी शादी हो चुकी है। इसके अलावा एक बहन भी है, जिसकी शादी हो चुकी है। मृतक का पिता गुरदेव सिंह चिनाई मिस्त्री का काम करता है।
बताया जाता है कि सागर पिछले दो-तीन वर्षों से नशीली गोलियों और चिट्टे के सेवन की गिरफ्त में था। महज 22 वर्ष की उम्र में उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
Sirsa, Sirsa | Nov 24, 2026