कोडरमा के जयनगर थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा कटाहडीह पंचायत के साहेबाडीह स्थित मोदी चौक के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी। मृतक की पहचान 22 वर्षीय सद्दाम खान के रूप में हुई है। वहीं, घायल फुन्नू कुमार यादव का इलाज जारी है। हादसे के बाद गांव में मातम के साथ आक्रोश का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, दोनों युवक बाइक से जा रहे थे, तभी ट्रैक्टर की चपेट में आ गए। ग्रामीणों ने घायलों को सदर अस्पताल पहुंचाया। सद्दाम की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे रांची रेफर किया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। बताया जाता है कि सद्दाम की शादी एक साल पहले हुई थी।
घटना से आक्रोशित परिजनों ने शव ट्रैक्टर मालिक के घर के सामने रखकर हंगामा किया। परिजन ट्रैक्टर मालिक और कथित नाबालिग चालक को मौके पर बुलाने की मांग कर रहे हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।