यातायात नियम तोड़ने वालों पर थाना जाखल पुलिस का कड़ा प्रहार...
बिना लाइसेंस, तीन सवारी और मॉडिफाइड साइलेंसर पर 16 हजार का चालान, दूसरी बुलेट बाइक इंपाउंड
जाखल, 15 सितंबर। (राष्ट्रीय कदम) ब्यूरो: थाना जाखल पुलिस ने यातायात नियमों की अवहेलना करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग दोपहिया वाहनों पर कार्रवाई की है। पुलिस ने एक बाइक का 16 हजार रुपये का चालान किया, जबकि एक बुलेट मोटरसाइकिल को इंपाउंड किया गया।
थाना जाखल प्रभारी निरीक्षक बलराज ने बताया कि एक दोपहिया वाहन को बिना ड्राइविंग लाइसेंस के चलाया जा रहा था। इसके अलावा वाहन पर तीन सवारियां बैठी हुई थीं तथा उसमें गैर-कार्यशील/मॉडिफाइड साइलेंसर लगा हुआ था। इन यातायात नियमों के उल्लंघन पर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए 16 हजार रुपये का चालान किया गया।
उन्होंने बताया कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाली एक अन्य बुलेट मोटरसाइकिल को भी इंपाउंड किया गया है। थाना जाखल पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों की पालना सुनिश्चित करने के लिए ऐसे वाहनों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और वाहनों में निर्धारित मानकों के अनुरूप ही साइलेंसर का प्रयोग करें।