एसडीएम सुश्री जैन ने ली शासकीय उचित मूल्य दुकानों के प्रबंधकों व विक्रेताओं की समीक्षा बैठक
--
अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) पृथ्वीपुर सुश्री विनीता जैन द्वारा आज तहसील कार्यालय सभागार में क्षेत्र के समस्त शासकीय उचित मूल्य दुकानों के समिति प्रबंधकों एवं विक्रेताओं की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान एसडीएम सुश्री जैन ने उपभोक्ता हित से जुड़े विभिन्न विषयों की विस्तृत समीक्षा की। इसमें मुख्य रूप से माह जुलाई में किए गए राशन वितरण की स्थिति, शेष बचे राशन कार्ड धारक सदस्यों की अनिवार्य KYC (ई-केवाईसी) की प्रगति तथा दुकानवार लंबित सीएम हेल्पलाइन (CM Helpline) की शिकायतों के निराकरण की स्थिति की समीक्षा शामिल रही।
बैठक में एसडीएम ने निर्देश दिए कि पात्र हितग्राहियों को समय पर एवं पारदर्शी तरीके से राशन वितरण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही ई-केवाईसी के कार्य में तेजी लाने और सीएम हेल्पलाइन से जुड़ी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण निराकरण किया जाए। समीक्षा के उपरांत, एसडीएम सुश्री विनीता जैन ने समिति प्रबंधकों एवं विक्रेताओं की व्यावहारिक समस्याओं और मैदानी चुनौतियों को भी ध्यानपूर्वक सुना। उन्होंने विक्रेताओं द्वारा उठाई गई जायज समस्याओं के त्वरित निराकरण हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए, ताकि सार्वजनिक वितरण प्रणाली का संचालन सुचारू रूप से किया जा सके।
बैठक में खाद्य विभाग के अधिकारी, संबंधित पटवारी एवं क्षेत्र के समस्त उचित मूल्य दुकान विक्रेता व समिति प्रबंधक उपस्थित रहे।
#jansamparkMP #niwari
21 views | Niwari, Madhya Pradesh | Aug 4, 2026