लोक आस्था के महापर्व छठ पर 500 छठव्रतियों के बीच पूजन सामग्री एवं साड़ियों का वितरण कार्यक्रम में शामिल हुए जिला पदाधिकारी और पुलिस अधीक्षक। भगवान नरसिंह की पूजा-अर्चना कर जिलेवासियों के सुख-समृद्धि का किया कामना ।
जमुई: लोक आस्था के महापर्व छठ के पावन अवसर पर जमुई शहर के पुरानी बाजार स्थित श्री नरसिंह मंदिर प्रांगण में एक सराहनीय सामाजिक एवं धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मंदिर के संस्थापक सह जमुई विधिज्ञ संघ के महासचिव अधिवक्ता अमित कुमार एवं उनकी धर्मपत्नी रचना शर्मा द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में उनके विशेष अनुरोध पर जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक शामिल हुए।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने श्री नरसिंह भगवान की विधिवत पूजा-अर्चना कर समस्त जिलेवासियों के सुख, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की तथा सभी को छठ महापर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के दौरान जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने 500 छठव्रतियों के बीच पूजन सामग्री एवं उपहार वितरण कार्यक्रम में सहभागिता की तथा अपने हाथों से भी छठव्रतियों को पारंपरिक डलिया, सूप, साड़ी, फल, फूल, अगरबत्ती एवं शृंगार सामग्री सहित पूजा की आवश्यक सामग्रियां भेंट कीं। पूजन सामग्री एवं उपहार पाकर छठव्रतियों के चेहरे प्रसन्नता से खिल उठे। उन्होंने आयोजकों के इस सेवा भाव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उन्हें स्नेह और आशीर्वाद दिया।
इस अवसर पर प्रभारी प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश कमला प्रसाद सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। यह आयोजन लोक आस्था के महापर्व छठ की पवित्रता, सामाजिक सहभागिता, सेवा और सहयोग की भावना को अभिव्यक्त करने वाला रहा। ऐसे प्रयास हमारी समृद्ध लोक परंपराओं को सहेजने के साथ-साथ समाज में आपसी सद्भाव, संवेदनशीलता और सामूहिकता के भाव को भी मजबूत करते हैं।
जिला प्रशासन, जमुई की ओर से समस्त जिलेवासियों को लोक आस्था के महापर्व छठ की हार्दिक शुभकामनाएं। छठी मैया की कृपा से सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली बनी रहे। यह पावन पर्व समाज में प्रेम, सद्भाव, भाईचारे और सामूहिकता की भावना को और मजबूत करे। सभी श्रद्धालु स्वच्छता, सुरक्षा एवं निर्धारित सावधानियों का पालन करते हुए हर्षोल्लास और श्रद्धापूर्वक छठ महापर्व मनाएं। छठी मैया सभी की मनोकामनाएं पूर्ण करें।
Khaira, Jamui | Nov 14, 2026