किशनगंज जिला अन्तर्गत आज दिनांक 23 सितंबर 2026 को जिला पदाधिकारी नवीन कुमार द्वारा भ्रमण कार्यक्रम के दौरान दीघलबैंक अंचल कार्यालय का औचक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय की कार्यप्रणाली, अभिलेखों के संधारण एवं विभिन्न प्रशासनिक कार्यों की अद्यतन स्थिति का विस्तृत जायजा लिया।
निरीक्षण के क्रम में जिला पदाधिकारी द्वारा विभिन्न पंजीयों के संधारण, कैश बुक, बैंक चेक बुक, आगत पंजी एवं निर्गत पंजी सहित अन्य महत्वपूर्ण कार्यालयी अभिलेखों की जांच की गई। उन्होंने संबंधित पंजीयों में प्रविष्टियों के नियमित एवं अद्यतन संधारण तथा अभिलेखों को व्यवस्थित ढंग से सुरक्षित रखने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिला पदाधिकारी ने कैश बुक एवं बैंक चेक बुक के संधारण की भी गहनता से जांच की तथा वित्तीय अभिलेखों में प्रत्येक प्रविष्टि को नियमानुसार एवं समयबद्ध रूप से दर्ज करने का निर्देश दिया।
उन्होंने आगत एवं निर्गत पंजी में प्राप्त एवं निर्गत पत्रों की प्रविष्टियों को नियमित रूप से अद्यतन रखने तथा कार्यालय में प्राप्त होने वाले पत्रों एवं आवेदनों के निष्पादन की प्रक्रिया को प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया।
कार्यालय में संधारित किए जाने वाले सभी महत्वपूर्ण अभिलेखों एवं पंजियों को निर्धारित प्रावधानों के अनुरूप अद्यतन रखने तथा कार्यालय कार्यों में पारदर्शिता, जवाबदेही एवं समयबद्धता सुनिश्चित करने हेतु उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि आम नागरिकों से संबंधित मामलों के निष्पादन में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने पदाधिकारियों एवं कर्मियों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी तत्परता एवं जिम्मेदारी के साथ करने तथा कार्यालय में आने वाले आमजनों की समस्याओं का नियमानुसार त्वरित समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
जिला पदाधिकारी ने कार्यालय परिसर में साफ-सफाई, अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव एवं कार्य वातावरण को बेहतर बनाए रखने पर भी विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया।
इस अवसर पर अपर समाहर्ता अंचलाधिकारी सहित सभी अंचल स्तरीय पदाधिकारी /कर्मी गण आदि उपस्थित थे ।