उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ में बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के कार्यक्रम की तैयारियों को तेज किया गया है। दरअसल, बाबा बागेश्वर धीरेंद्र शास्त्री 16 नवंबर को प्रतापगढ़ आ रहे हैं। 17 से 20 नवंबर तक उनका यहां पर श्रीराम कथा का प्रवचन होना है। इसको लेकर कुंडा के बेंती राजमहल के पास पंडाल का निर्माण चल रहा है। वहां पर जर्मन हैंगर पंडाल लगाया जा रहा है। भगवान श्रीकृष्ण पर एक बयान के बाद चर्चा में आए बागेश्वर बाबा धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के कार्यक्रम को लेकर राजनीति गरमाती दिखी है। पिछले दिनों सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव धीरेंद्र शास्त्री के कार्यक्रम के आयोजकों को चेताते दिखे थे। वहीं इस मामले में कई संतों और कथा वाचकों ने इस बयान को लेकर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को सही ठहराया और इसका गलत मतलब नहीं निकालने की बात कही थी , साथ ही धार्मिक तथ्यों को राजनीति के चश्मे से न देखने की बात कही थी।
हालांकि, अब कुंडा में श्रीराम कथा को लेकर प्रशासनिक तैयारियों को तेज किया गया है। इसके साथ कुंडा सहित आसपास के जिलों में भी कथा के आयोजन को लेकर उत्साह है, काफी बड़ी संख्या में भीड़ आने का अनुमान है।
आईजी ने लिया जायजा
प्रयागराज आईजी अजय कुमार मिश्रा, प्रतापगढ़ एसपी दीपक भूकर और एएसपी पश्चिमी बृजनंदन राय के साथ बेंती पहुंचे। वहां कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया की ओर से आयोजित श्री बागेश्वर धाम सरकार के धार्मिक कथा कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया गया। आईजी ने सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कार्यक्रम स्थल की सुरक्षा व्यवस्था, श्रद्धालुओं के आवागमन, पार्किंग, प्रवेश एवं निकास मार्गों सहित अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
#raghurajpratapsingh #pratapgarh #dhirendrashashtri
Pratapgarh, Pratapgarh | Nov 9, 2026