पलेठी गांव की वर्षों पुरानी मांग हुई पूरी, पलेठी शिवालय तक बनेगा 2.55 किमी मोटर मार्ग
देवप्रयाग। विधानसभा क्षेत्र देवप्रयाग के विकासखंड अंतर्गत ग्राम पलेठी (डोबिल्यालों) स्थित शिवालय तक मोटर मार्ग निर्माण की वर्षों पुरानी ग्रामीणों की मांग अब पूरी होने जा रही है। बुधवार को मोटर मार्ग के नव निर्माण कार्य द्वितीय चरण, स्टेज-1 का शिलान्यास विधायक विनोद कंडारी ने किया।
मोटर मार्ग के निर्माण के लिए 96.23 लाख रुपये की लागत स्वीकृत की गई है। इसकी कुल लंबाई 2.550 किलोमीटर होगी। सड़क निर्माण पूरा होने के बाद पलेठी और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिल सकेगी। ग्रामीण लंबे समय से शिवालय तक मोटर मार्ग निर्माण की मांग कर रहे थे।
शिलान्यास कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख विनोद बिष्ट, सहकारिता निदेशक जे.पी. चंद, ग्राम प्रधान सूरत, साब सिंह, भगवान सिंह रावत, मंडल अध्यक्ष नरेंद्र रावत, दलवीर सजवान, जिला मंत्री प्रमोद चंद, गोविंद चौहान, अर्जुन चौहान, लोकेंद्र रौतरी, मोर सिंह बागरी, महिला मोर्चा अध्यक्ष पिंकी लिंगवाल, सरोज थपलियाल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
ग्रामीणों ने वर्षों पुरानी मांग पूरी होने पर खुशी जताते हुए विधायक और शासन-प्रशासन का आभार व्यक्त किया। क्षेत्रवासियों का कहना है कि मोटर मार्ग बनने से न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि क्षेत्र के विकास को भी गति मिलेगी।
Parliament Street, New Delhi | Sep 2, 2026