
कटनी CSP पर CM मोहन यादव का बड़ा एक्शन, निलंबन के निर्देश
वसूली और जमीन रजिस्ट्री मामले में गंभीर आरोपों के बाद कार्रवाई; तीन लोगों के खिलाफ FIR, निष्पक्ष जांच के निर्देश
कटनी। कटनी में पदस्थ CSP नेहा पच्चीसिया से जुड़े कथित वसूली और जमीन रजिस्ट्री प्रकरण को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गंभीरता से लिया है। मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव को संबंधित CSP के विरुद्ध तत्काल निलंबन की कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
मामले में आरोप है कि पुलिस कार्रवाई का दबाव बनाकर करीब 82.86 लाख रुपये की गाइडलाइन कीमत वाली जमीन महज 18.20 लाख रुपये में रजिस्ट्री कराई गई। प्रकरण की जांच के बीच मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों में लापरवाही, दबाव अथवा पद के दुरुपयोग को किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं किया जाएगा।
तीन लोगों के खिलाफ FIR
पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर कुठला थाने में CSP नेहा पच्चीसिया सहित तीन लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। आरोपों के अनुसार कन्हवारा की जमीन के कथित सौदे में CSP और तत्कालीन कुठला थाना प्रभारी राजेंद्र मिश्रा की भूमिका को लेकर भी सवाल उठे हैं।
जांच रिपोर्ट में दावा है कि जमीन की गाइडलाइन कीमत करीब ₹82.86 लाख थी, जबकि उसकी रजिस्ट्री ₹18.20 लाख में कराई गई। शिकायत में पुलिस कार्रवाई का दबाव बनाकर जमीन की रजिस्ट्री कराने और बाद में नामांतरण कराने के आरोप लगाए गए हैं।
इन धाराओं में मामला दर्ज
जांच के आधार पर CSP नेहा पच्चीसिया, क्षितिज राज बारापत्रे और मारूफ अहमद हनफी के खिलाफ BNS की धारा 61, 198, 199(ब), 308(7) और 318(4) के तहत प्रकरण दर्ज किए जाने की जानकारी सामने आई है।
वहीं, तत्कालीन कुठला थाना प्रभारी राजेंद्र मिश्रा की भूमिका को लेकर भी आरोप लगाए गए हैं।
CM का सख्त संदेश
मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से कहा गया है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
हालांकि, लगाए गए आरोपों की अंतिम पुष्टि न्यायालय में उपलब्ध साक्ष्यों और न्यायिक प्रक्रिया के आधार पर ही होगी।
🔴 CM मोहन यादव का साफ संदेश
“कानून से खिलवाड़ नहीं चलेगा।
लापरवाही, दबाव और पद के दुरुपयोग पर होगी कड़ी कार्रवाई।”