
कड़ोआ की अंडर-19 छात्राओं ने बैडमिंटन में जीता चैंपियन का खिताब
विद्यालय पहुंचने पर ढोल-नगाड़ों के साथ हुआ भव्य स्वागत, गांव में खुशी की लहर
डाडा सीबा। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कड़ोआ की अंडर-19 छात्राओं ने बैडमिंटन प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम कर विद्यालय और गांव कड़ोआ का नाम रोशन किया है। छात्राओं की इस शानदार उपलब्धि पर विद्यालय लौटने पर उनका ढोल-नगाड़ों के साथ भव्य स्वागत किया गया।
विद्यालय के डीपीई अरविंद कुमार शर्मा ने बताया कि विद्यालय की अंडर-19 छात्राओं ने पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों ने अपने सभी मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन करते हुए एक भी सेट नहीं गंवाया, जो उनकी खेल क्षमता और मेहनत को दर्शाता है।
चैंपियनशिप जीतकर विद्यालय पहुंचीं छात्राओं का प्रधानाचार्य विपिन कुमार शर्मा ने विद्यालय के मुख्य द्वार पर हार पहनाकर गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। उन्होंने खिलाड़ियों को उनकी इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि छात्राओं ने अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा के दम पर विद्यालय को गौरवान्वित किया है।
एसएमसी प्रधान सारिका शर्मा ने भी विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी तथा इस शानदार उपलब्धि के लिए विद्यालय के समस्त स्टाफ सदस्यों और प्रशिक्षकों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र की बेटियों ने खेल के मैदान में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया है।
अंडर-19 छात्राओं की इस उपलब्धि से कड़ोआ सहित पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है। स्थानीय लोगों ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही खिलाड़ियों को भविष्य में भी इसी तरह मेहनत और लगन के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन जारी रखने के लिए प्रेरित किया।