
नेरचौक मेडिकल कॉलेज में दो सगे भाई पकड़े, चार मोबाइल बरामद
चंबा के रहने वाले हैं दोनों युवक, तीमारदारों के सामान पर करते थे हाथ साफ
नेरचौक, आदर्श यादव
श्री लाल बहादुर शास्त्री राजकीय आयुर्विज्ञान महाविद्यालय एवं अस्पताल नेरचौक में चोरी की बढ़ती घटनाओं के बीच पुलिस ने दो युवकों को पकड़ने में सफलता हासिल की है। दोनों युवक सगे भाई हैं और जिला चंबा के रहने वाले हैं। जिनकी पहचान कपिल देव पुत्र ग्यासो देव उम्र 24 वर्ष व कौशल देव उम्र 29 वर्ष के रूप में हुई है ।
पुलिस ने उनके कब्जे से चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनकी कुल कीमत करीब एक लाख 75 हजार रुपये आंकी गई है। इनमें दो आईफोन और दो अन्य मोबाइल फोन शामिल हैं। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर मामले में आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
मेडिकल कॉलेज में पिछले कई दिनों से चोरी की घटनाएं सामने आ रही थीं, जिससे मरीजों के साथ आए तीमारदार परेशान थे। आरोप है कि दोनों युवक रात के समय अस्पताल में सो रहे तीमारदारों को निशाना बनाते थे और उनके मोबाइल फोन व अन्य सामान पर हाथ साफ कर देते थे।
बीती रात अपनी दादी के उपचार के लिए अस्पताल आए शौर्य का मोबाइल फोन गायब हो गया। इसके बाद उसने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई। शिकायत मिलने पर पुलिस ने अस्पताल परिसर में जांच शुरू की। इस दौरान अस्पताल की दूसरी मंजिल के एक कोने में सो रहे दो युवकों पर शक हुआ। पुलिस ने जब उनकी तलाशी ली तो उनके कब्जे से शौर्य का मोबाइल फोन बरामद हुआ। इसके अलावा उनके पास से तीन अन्य मोबाइल फोन भी मिले।
पुलिस के अनुसार, आरोपितों की पहचान कपिल देव और उसके भाई के रूप में हुई है। दोनों कुंडी, डाकघर सुनारा, तहसील एवं जिला चंबा के निवासी हैं। बताया जा रहा है कि दोनों इससे पहले भी चोरी की घटनाओं में संलिप्त पाए गए हैं। पुलिस अब बरामद मोबाइल फोन के मालिकों का पता लगाने और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच में जुटी है।