
जिले के दूरस्थ रेहड़ी ग्राम पहुंचे सांसद डॉ. राजेश मिश्रा
सड़क निर्माण का भूमिपूजन कर जल सुविधा सुदृढ़ीकरण की बनाई कार्ययोजना।
संसदीय क्षेत्र के सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने आज सिंगरौली जिले की चितरंगी विधानसभा अंतर्गत ग्राम पंचायत पराई के रेहड़ी ग्राम पहुंचकर ग्रामीण जनों से आत्मीय भेंट की तथा उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना।
क्षेत्रीय भ्रमण के दौरान सांसद ने वन विभाग के अधिकारियों के साथ स्थल निरीक्षण कर रेहड़ी ग्राम में जल सुविधा को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से प्रस्तावित स्टॉप डैम निर्माण के लिए उपयुक्त स्थान का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि यह पहल क्षेत्र में जल संकट के स्थायी समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगी तथा ग्रामीणों को बेहतर जल उपलब्धता सुनिश्चित करने में सहायक बनेगी। इसके पश्चात सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने लोक निर्माण विभाग द्वारा भर्रा से रेहड़ी तक लगभग 4 किलोमीटर लंबी सड़क के निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। लगभग ₹374.17 लाख की परियोजना लागत वाली यह सड़क क्षेत्र के आवागमन को सुगम बनाने के साथ-साथ विकास गतिविधियों को भी नई गति प्रदान करेगी। सांसद ने ग्रामवासियों से संवाद कर उनकी विभिन्न समस्याओं एवं मांगों को सुना तथा उपस्थित अधिकारियों को उनके त्वरित एवं प्रभावी निराकरण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस अवसर पर प्रदेश सरकार में राज्य मंत्री श्रीमती राधा सिंह, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती अर्चना सिंह, जनपद अध्यक्ष श्रीमती सिया दुलारी साकेत, पूर्व जिला उपाध्यक्ष श्री रविंद्र सिंह, डॉ. देवेंद्र त्रिपाठी, मंडल अध्यक्ष श्री आशीष धर द्विवेदी , पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रीय जन उपस्थित रहे।