
जिला ओपन एथलेटिक्स में द रोज ऑर्किड वर्ल्ड स्कूल का दबदबा
चार खिलाड़ियों ने जीते पांच पदक, तीन का राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन
न्यूज़ देशआदेश
पांवटा साहिब। द रोज ऑर्किड वर्ल्ड स्कूल के खिलाड़ियों ने जिला स्तरीय ओपन एथलेटिक्स टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में विद्यालय के चार खिलाड़ियों ने दो स्वर्ण और तीन रजत सहित कुल पांच पदक अपने नाम किए। वहीं, तीन खिलाड़ियों का चयन राष्ट्रीय स्तर की एथलेटिक्स प्रतियोगिता के लिए हुआ है।
विद्यालय की प्रधानाचार्या ममता सैनी ने बताया कि 20 अक्टूबर 2026 को आयोजित जिला स्तरीय प्रतियोगिता में जिले भर के खिलाड़ियों ने भाग लिया।
इसमें विद्यालय के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा, मेहनत और खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया।
अंडर-14 आयु वर्ग में अंकित कुमार ने लंबी कूद में स्वर्ण पदक और 60 मीटर दौड़ में रजत पदक हासिल किया। वहीं, अंडर-16 वर्ग में आयुष्मान गाबा ने 60 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीता। उत्कर्ष कुमार ने 600 मीटर दौड़ और पीयूष मंडल ने लंबी कूद में रजत पदक हासिल किया।
प्रधानाचार्या ने बताया कि आयुष्मान गाबा, पीयूष मंडल और उत्कर्ष कुमार का चयन 14 और 15 नवंबर 2026 को हैदराबाद में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता के लिए हुआ है। ये खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर विद्यालय और हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे।
खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर विद्यालय के निदेशक ललित शर्मा, निदेशक अकादमिक अंजू अरोड़ा, प्रधानाचार्या ममता सैनी और समस्त शिक्षकगण ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
विद्यालय प्रबंधन ने खिलाड़ियों की सफलता में योगदान देने वाले एथलेटिक्स कोच अविनाश चौधरी, शारीरिक शिक्षक ज्ञान सिंह तोमर, गौरव चौहान और नीलम धीमान के प्रयासों की भी सराहना की।
प्रधानाचार्या ममता सैनी ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का अभिन्न अंग हैं। खेलों से शारीरिक क्षमता के साथ अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का विकास होता है। विद्यालय विद्यार्थियों को खेलों में आगे बढ़ने के लिए निरंतर प्रोत्साहित करता रहेगा।