
विधायक मनोज यादव ने 14 लाख के कला मंचों का किया उद्घाटन, दुर्गा मंदिरों में टेका माथा।
बिहार/बांका। बेलहर विधानसभा क्षेत्र के विधायक मनोज यादव ने बुधवार को चांदन और फुल्लीडुमर प्रखंड में मुख्यमंत्री क्षेत्र विकास योजना के तहत सात-सात लाख रुपये की लागत से निर्मित दो कला मंचों का उद्घाटन किया। इसके बाद उन्होंने क्षेत्र के विभिन्न दुर्गा मंदिरों में पहुंचकर मां भगवती के दर्शन किए और क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
विधायक मनोज यादव ने फुल्लीडुमर प्रखंड स्थित वैष्णवी दुर्गा मंदिर परिसर में सात लाख रुपये की लागत से बने कला मंच का उद्घाटन किया। वहीं, चांदन प्रखंड के सुईया स्थित दुर्गा मंदिर परिसर में भी सात लाख रुपये की लागत से निर्मित कला मंच का उद्घाटन किया। दोनों मंचों के निर्माण पर कुल 14 लाख रुपये खर्च किए गए हैं। इस अवसर पर विधायक मनोज यादव ने कहा कि क्षेत्र का सर्वांगीण विकास उनकी प्राथमिकता है। जनता की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विकास योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए वे लगातार प्रयासरत हैं। कला मंचों के उद्घाटन के बाद विधायक ने फुल्लीडुमर प्रखंड की सादपुर पंचायत के भलुआ बिजहरी दुर्गा स्थान, वैष्णवी माता थान दुर्गा मंदिर, खेसर बाजार दुर्गा मंदिर, भूतनाथ विश्वकर्मा टोला दुर्गा मंदिर, फुल्लीडुमर मुख्य सड़क स्थित दुर्गा मंदिर और केंदुआर दुर्गा मंदिर सहित क्षेत्र के अन्य मंदिरों में पहुंचकर मां के दरबार में शीश नवाया। इस दौरान विभिन्न दुर्गा पूजा समितियों के सदस्यों ने विधायक का चुनरी भेंट कर स्वागत किया। विधायक ने मां भगवती से क्षेत्र की जनता को सुख-समृद्धि, खुशहाली और रोग-दुख से मुक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। इस मौके पर फुल्लीडुमर प्रखंड प्रमुख गौतम प्रकाश, जदयू प्रखंड अध्यक्ष सह कैथा पंचायत के मुखिया एवं प्रखंड मुखिया संघ के अध्यक्ष चंदन कुमार, सामाजिक कार्यकर्ता राहुल कुमार साह, अनंत साह, अनिरुद्ध भगत सहित दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।