देवास वॉटर प्रोजेक्ट पर नगर निगम की बड़ी कार्रवाई
₹25.90 लाख संपत्तिकर बकाया, कंपनी के परिसर पर तालाबंदी कर किया सील
देवास में संपत्तिकर की बकाया राशि जमा नहीं करने पर नगर निगम ने देवास वॉटर प्रोजेक्ट प्रा. लि. के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। निगमायुक्त दलीप कुमार के निर्देशन में शुक्रवार को राजस्व विभाग की टीम ने कंपनी के परिसर पर तालाबंदी कर उसे सील कर दिया।
नगर निगम के अनुसार देवास वॉटर प्रोजेक्ट द्वारा औद्योगिक इकाइयों को पानी की सप्लाई की जाती है। कंपनी द्वारा अपने व्यावसायिक उपयोग के लिए किए गए निर्माण और उपयोग की जा रही भूमि का संपत्तिकर लंबे समय से बकाया था। निगम का कहना है कि वर्ष 2021-22 से कंपनी को निर्माण और एमओयू संबंधी दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए पत्राचार किया जा रहा था, लेकिन दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए गए।
इसके बाद निगम ने GIS सर्वे के आधार पर निर्माण एवं उपयोग की भूमि का मापन कराया और वर्ष 1997 से संपत्तिकर का स्वनिर्धारण करते हुए कुल ₹25 लाख 90 हजार की राशि बकाया निर्धारित की। कंपनी को सूचना पत्र के माध्यम से दस्तावेजों के साथ बकाया कर जमा करने के निर्देश दिए गए, लेकिन राशि जमा नहीं की गई।
बकाया संपत्तिकर का भुगतान नहीं होने पर निगम ने कुर्की एवं तालाबंदी की कार्रवाई करते हुए देवास वॉटर प्रोजेक्ट प्रा. लि. के परिसर को सील कर दिया।
कार्रवाई के दौरान निगम उपायुक्त दीपक पटेल, राजस्व अधिकारी अनुभूति श्रीवास्तव, RSI मनोरमा बर्मन, संजय सांगते, स्वच्छता निरीक्षक रवि गोयनार, रवि पटेल, मो. हनीफ सहित निगम की टीम मौजूद रही।
#देवास #Dewas #DewasNews #TimesMP #नगरनिगमदेवास
Dewas Nagar, Dewas | Aug 21, 2026