
बाँदा में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा ‘सेवा संकल्प अभियान’
बाँदा। जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने और जनभागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बाँदा में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ आयोजित किया जाएगा। अभियान की तैयारियों एवं कार्ययोजना को लेकर जिलाधिकारी श्री अमित आसेरी की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई।
अभियान के तहत ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में सेवा, स्वच्छता, जनजागरूकता और जनभागीदारी से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 17 सितंबर को प्रधानमंत्री जी के जन्मदिवस के अवसर पर जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित परिवारों द्वारा सुबह 7 बजे अपने घरों में दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे।
विद्यालयों में रंगोली, निबंध और भाषण प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को अभियान से जोड़ा जाएगा। वहीं नुक्कड़ नाटक, संवाद और जागरूकता कार्यक्रमों के जरिए शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाएगी।
आंगनबाड़ी केंद्रों पर उत्सव एवं संवाद कार्यक्रम, ‘हेल्दी बेबी’ प्रतियोगिता और पुरस्कार वितरण भी आयोजित होंगे। इसके अलावा लाभार्थियों के जीवन में आए सकारात्मक बदलावों पर आधारित 30 से 60 सेकंड की डिजिटल रील तैयार कराई जाएगी।
अभियान के दौरान वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान, रक्तदान और श्रमदान जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। वहीं ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा—विकसित भारत का संकल्प’ सहित विभिन्न कार्यक्रमों के जरिए लोगों को विकसित भारत-2047 के संकल्प से जोड़ा जाएगा।
#Banda #SevaSankalpAbhiyan #AmitAaseri
Banda, Banda | Sep 12, 2026