
स्वतंत्रता दिवस पर बच्चों संग पंगत में बैठे कलेक्टर, अधिकारियों ने किया सहभोज
मुरैना। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर मुरैना जिले की समस्त शासकीय शालाओं में परंपरानुसार विशेष मध्यान्ह भोजन का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। जिला स्तरीय विशेष मध्यान्ह भोजन कार्यक्रम शासकीय मॉडल स्कूल, गणेशपुरा में आयोजित हुआ। यहां कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ ने विद्यार्थियों के साथ पंक्तिबद्ध बैठकर सहभोज किया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीणा, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत कमलेश कुमार भार्गव तथा वनमंडलाधिकारी हरिशचन्द्र बघेल ने भी विद्यार्थियों के साथ भोजन किया।
विद्यार्थियों को विशेष भोजन के रूप में खीर, पूड़ी, बूंदी के लड्डू, बूंदी का रायता तथा दो प्रकार की स्वादिष्ट सब्जियां परोसी गईं। स्वादिष्ट एवं पौष्टिक भोजन पाकर बच्चे बेहद उत्साहित और प्रसन्न नजर आए। उनके चेहरों पर स्वतंत्रता दिवस के उत्सव की उमंग और विशेष भोजन की खुशी साफ दिखाई दी।
सहभोज के दौरान कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ ने विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद करते हुए उनकी पढ़ाई, रुचियों और विद्यालयीन गतिविधियों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने विद्यार्थियों को मन लगाकर पढ़ाई करने तथा जीवन में अनुशासन, परिश्रम और राष्ट्रप्रेम के मूल्यों को अपनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में उत्सवमय वातावरण बना रहा। विद्यार्थियों ने कलेक्टर सहित जिला अधिकारियों के साथ भोजन कर अपनी प्रसन्नता व्यक्त की। विशेष मध्यान्ह भोजन का यह आयोजन बच्चों के लिए स्वतंत्रता दिवस की खुशियों को और बढ़ाने वाला तथा यादगार एवं प्रेरणादायी रहा।
कार्यक्रम में अपर कलेक्टर अश्विनी कुमार रावत, एसडीएम मुरैना रामनिवास सिकरवार, डिप्टी कलेक्टर उमेश अवस्थी, जिला शिक्षा अधिकारी बी.एस. इंदोलिया, जिला परियोजना समन्वयक सहित शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।