
#हनुमानगढ़ वार्ड 48 की मूलभूत सुविधाओं को लेकर नगरपरिषद प्रशासन को सौंपा ज्ञापन
- स्ट्रीट लाइट, सफाई व्यवस्था और टूटी सड़कों के निर्माण की मांग, समाधान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी
हनुमानगढ़। वार्ड संख्या 48 स्थित चक ज्वालासिंह रोड क्षेत्र के निवासियों ने अपनी विभिन्न मूलभूत समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर नगरपरिषद प्रशासक को युवा नेता विकास सैनी के नेतृत्व में ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में क्षेत्रवासियों ने स्ट्रीट लाइटों की खराब स्थिति, सफाई व्यवस्था में लापरवाही तथा सीवरेज कार्य के बाद क्षतिग्रस्त हुई सड़कों के पुनर्निर्माण की मांग करते हुए शीघ्र कार्रवाई करने की अपील की है।
ज्ञापन में बताया गया कि वार्ड संख्या 48 में नगरपरिषद से स्वीकृत कई आवासीय कॉलोनियां विकसित हो चुकी हैं, लेकिन चक ज्वालासिंह रोड पर पर्याप्त स्ट्रीट लाइटें नहीं होने से रात के समय पूरा क्षेत्र अंधेरे में डूबा रहता है। वहीं कॉलोनियों में लगी कई स्ट्रीट लाइटें लंबे समय से खराब पड़ी हैं, जिससे रात के समय आवागमन में लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि अंधेरे का फायदा उठाकर चोरी जैसी घटनाओं की आशंका बनी रहती है और लोगों में भय का माहौल रहता है।
युवा नेता विकास सैनी ने यह भी आरोप लगाया कि कॉलोनियों में नियमित सफाई नहीं होने के कारण जगह-जगह गंदगी फैली हुई है। नालियों की सफाई समय पर नहीं होने से मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है, जिससे मौसमी और संक्रामक बीमारियां फैलने की आशंका बनी हुई है। उन्होंने नगरपरिषद से नियमित सफाई कर्मचारियों की नियुक्ति कर सफाई व्यवस्था को सुचारु बनाने की मांग की।
ज्ञापन में सीवरेज कार्य के बाद सड़कों की बदहाल स्थिति का भी उल्लेख किया गया। क्षेत्रवासियों के अनुसार पिछले करीब तीन वर्षों से कॉलोनियों की अधिकांश सड़कें टूटी हुई हैं तथा जगह-जगह गहरे गड्ढे बने हुए हैं। इससे वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। कई बार सड़क दुर्घटनाएं भी हो चुकी हैं, लेकिन इसके बावजूद अब तक सड़कों का पुनर्निर्माण नहीं कराया गया है।
वार्डवासियों ने कहा कि वे पहले भी कई बार नगरपरिषद को प्रार्थना पत्र देकर समस्याओं से अवगत करा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। इससे क्षेत्र के लोगों में रोष व्याप्त है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो कॉलोनीवासी आंदोलनात्मक कदम उठाने को मजबूर होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी नगरपरिषद प्रशासन की होगी। ज्ञापन के माध्यम से क्षेत्रवासियों ने खराब स्ट्रीट लाइटों को बदलवाने, नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने, नालियों की सफाई कराने तथा सीवरेज कार्य से क्षतिग्रस्त सड़कों का शीघ्र पुनर्निर्माण कराने की मांग की। ज्ञापन देने वालों में विकास सैनी, दिनेश सर्वा, आनंद सैन, राकेश पेंटर, दुलीचंद ज्यानी, एडवोकेट अजय मूंड, रामचंद्र, ओमप्रकाश सैनी, सुशील सैन शामिल थे।