
UK07 अनुराग डोभाल पर साले राज चौहान से मारपीट का आरोप, बाउंसरों समेत साले को पीटा, चौकी में देर रात हाईवोल्टेज हंगामा-
खबर सार - देहरादून में बिग बॉस फेम और यूट्यूबर अनुराग डोभाल एक बार फिर विवादों में हैं। उनके चचेरे साले राज सिंह चौहान ने अनुराग डोभाल और उनके साथियों पर मारपीट, जान से मारने की कोशिश और धमकी देने के आरोप लगाए हैं। शिकायत के आधार पर नेहरू कॉलोनी पुलिस ने अनुराग डोभाल समेत कई लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मामला 5 अक्टूबर की शाम का बताया जा रहा है। शिकायतकर्ता राज सिंह चौहान एक कार कंपनी के शोरूम में नौकरी करते हैं। उनका आरोप है कि शाम करीब 6 बजे अनुराग डोभाल कुछ युवकों के साथ उनसे मिलने पहुंचे थे। काम में व्यस्त होने के चलते राज ने बाद में मिलने की बात कही।
शिकायत के मुताबिक, रात करीब 8 बजे राज सिंह एक कैफे पहुंचे, जहां अनुराग डोभाल और उनके साथी कार में मौजूद थे। बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया और मारपीट का आरोप लगाया गया।
राज सिंह चौहान ने अपनी तहरीर में आरोप लगाया है कि अनुराग डोभाल ने पीछे से उनका गला दबाया और मोबाइल छीनने की कोशिश की। मोबाइल नहीं छीन पाने पर साथियों से उन्हें जान से मारने के लिए कहने का आरोप है।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि आरोपियों ने उन्हें कार के नीचे डालने की कोशिश की और लोहे की रॉड या किसी अन्य वस्तु से सिर, छाती और मुंह पर वार किए।
तहरीर में एक आरोपी पर चाकू और बंदूक दिखाकर धमकाने का आरोप भी लगाया गया है। राज सिंह का दावा है कि मारपीट के दौरान उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई। साथ ही घड़ी और सोने की चेन निकालने का आरोप भी लगाया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
शिकायतकर्ता ने बाईपास चौकी प्रभारी पर भी आरोपियों का समर्थन करने का आरोप लगाया है। हालांकि पुलिस की ओर से इन आरोपों की जांच की जा रही है।
पुलिस ने मामले में BNS की धारा 117(2), 191(2) और 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज किया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
नेहरू कॉलोनी थाना प्रभारी देवेंद्र चौहान के मुताबिक, राज सिंह चौहान की शिकायत के आधार पर अनुराग डोभाल के अलावा अभय चौधरी, तपन पंडित, धवल राजपुरोहित, अभिषेक टाइगर, अभिनव श्रीवास्तव और गुरु भाई समेत अन्य लोगों के नाम सामने आए हैं।