
*कृषि मंत्री श्री ऐदल सिंह कंषाना ने स्वतंत्रता दिवस की प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं*
मुरैना, 14 अगस्त 2026/ प्रदेश के किसान कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री श्री ऐदल सिंह कंषाना ने 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर समस्त प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।
अपने शुभकामना संदेश में श्री कंषाना ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस भारत की गौरवशाली विरासत, राष्ट्रीय स्वाभिमान और लोकतांत्रिक मूल्यों का प्रतीक पर्व है। यह दिन उन अमर स्वतंत्रता सेनानियों, वीर बलिदानियों एवं राष्ट्रनायकों के त्याग, तपस्या, संघर्ष और अदम्य साहस को नमन करने का अवसर है, जिन्होंने मातृभूमि की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व अर्पित कर दिया।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव का अवसर नहीं है, बल्कि यह राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों, दायित्वों और प्रतिबद्धताओं का स्मरण कराने वाला प्रेरणादायी पर्व भी है। यह दिवस हमें राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए देश की प्रगति, समृद्धि और विकास में सक्रिय सहभागिता निभाने की प्रेरणा देता है।
कृषि मंत्री श्री कंषाना ने प्रदेशवासियों से देश की एकता, अखंडता, सामाजिक समरसता एवं भाईचारे की भावना को सुदृढ़ बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि हम सभी को मिलकर विकसित, आत्मनिर्भर और समृद्ध भारत के निर्माण का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रदेश के नागरिक अपने परिश्रम, समर्पण और राष्ट्रभक्ति के माध्यम से देश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।
श्री कंषाना ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सभी प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए पुनः हार्दिक शुभकामनाएं दीं।