
औरंगाबाद के दोमुहान बटाने पुल के डायवर्सन में 4 करोड़ के घोटाले का आरोप, 36 लाख के काम पर 4.56 करोड़ खर्च का दावा।
औरंगाबाद जिले के बहुचर्चित दोमुहान बटाने पुल के पास हाल ही में बनाया गया अस्थायी डायवर्सन अब भ्रष्टाचार के बड़े आरोपों के घेरे में आ गया है। विभागीय जानकारी के अनुसार इस 300 मीटर लंबे डायवर्सन को बनाने में 4 करोड़ 56 लाख रुपये की लागत बताई गई है, जबकि जमीनी हकीकत और स्थानीय लोगों के अनुमान के मुताबिक इसका कुल खर्च 50 से 56 लाख रुपये से अधिक नहीं होना चाहिए।
*कागजों पर 4.56 करोड़, जमीन पर क्या है?*
स्थानीय लोगों द्वारा किए गए आकलन के अनुसार इस डायवर्सन में कुल 176 ह्यूम पाइप लगाए गए हैं। एक ह्यूम पाइप की बाजार कीमत लगभग 3000 रुपये है, इस हिसाब से पाइप की कुल लागत 5 लाख 28 हजार रुपये बैठती है। ट्रांसपोर्टिंग जोड़कर भी यह खर्च अधिकतम 6 लाख रुपये ही होता है।
मिट्टी भराई का कार्य ढुलाई सहित अधिकतम 10 लाख रुपये, ह्यूम पाइप के ऊपर ईंट से की गई सामान्य बैरिकेटिंग 5 लाख रुपये और 300 मीटर रोड बनाने का खर्च 10 से 15 लाख रुपये मान लिया जाए तो पूरी निर्माण लागत लगभग 36 लाख रुपये ही बनती है।
ठेकेदार का 10 लाख रुपये लाभ और अन्य खर्चे के नाम पर 10 लाख रुपये और जोड़ दें, तब भी कुल खर्च 56 लाख रुपये से ऊपर नहीं जाता है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि बाकी के लगभग 4 करोड़ रुपये कहां गए?
*न पाइलिंग, न सरिया, बस मिट्टी भरकर बना दी सड़क*
आरोप है कि इस डायवर्सन में न तो कहीं पाइलिंग की गई है और न ही लोहे के सरिया का उपयोग हुआ है। सिर्फ ऊपर-ऊपर मिट्टी भरकर सड़क बना दी गई है, जो पहली बरसात में ही बहने का खतरा रखती है।
चिंता की बात यह है कि इस पर न तो कोई जनप्रतिनिधि बोलने को तैयार है और न ही कोई अधिकारी स्पष्ट जवाब दे रहा है।
*जांच की मांग*
स्थानीय लोगों ने इस पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है ताकि पता चल सके कि जनता के टैक्स के 4 करोड़ रुपये का आखिर कैसे बंदरबांट हुआ।
नोट: यह खबर स्थानीय लोगों के आरोपों और उपलब्ध अनुमानित आंकड़ों पर आधारित है। 24 News Live किसी पर व्यक्तिगत भ्रष्टाचार का आरोप नहीं लगाता है, बल्कि विभाग से इस पर स्पष्टीकरण और जांच की मांग करता है।
#Aurangabad #BatanePul #DiversionScam #BiharNews #24NewsLive