मऊ में मोबाइल टावर से केबल तार चोरी के मामले में कोतवाली नगर पुलिस ने एक हिस्ट्रीशीटर अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी की पहचान 52 वर्षीय झूरी सिंह उर्फ राणा सिंह, निवासी नई बस्ती भीटी चौक, मऊ के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी के करीब 10 किलोग्राम केबल तार बरामद किया है। पुलिस अधीक्षक सर्वेश कुमार मिश्रा के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध विरोधी अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार आरोपी को 11 नवंबर को दोपहर करीब 12 बजकर 35 मिनट पर गिरफ्तार किया गया। आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट, गुंडा एक्ट और आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। इस मामले में कोतवाली नगर में बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज है। गिरफ्तारी और बरामदगी के बाद पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए आरोपी को न्यायालय भेज दिया।