मऊ में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को लेकर पुलिस का जागरूकता अभियान लगातार जारी है। मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत पुलिस अधीक्षक सर्वेश कुमार मिश्रा के निर्देशन में जनपद के सभी थानों की पुलिस टीमें अपने-अपने क्षेत्रों में स्कूलों, कॉलेजों, सार्वजनिक स्थानों और गांवों में पहुंचकर महिलाओं एवं बालिकाओं को जागरूक कर रही हैं। इस दौरान पंपलेट वितरित कर उन्हें उनके अधिकारों, महिला सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव और सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल की जानकारी दी जा रही है। साथ ही बालिकाओं को गुड टच और बैड टच के बारे में भी बताया जा रहा है। पुलिस टीम महिलाओं को किसी भी तरह के उत्पीड़न या छेड़छाड़ की स्थिति में बिना डर शिकायत दर्ज कराने के लिए प्रेरित कर रही है। इसके अलावा 1090, 112, 181 और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की जानकारी भी दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा।