
एमबीएस अस्पताल में मरीज की जेब कटी, ₹500 और जरूरी दस्तावेज चोरी
डॉक्टर को दिखाने के बाद दवा लेने पहुंचा था मरीज, वारदात के बाद अस्पताल चौकी में दी शिकायत
कोटा। शहर के एमबीएस अस्पताल में इलाज कराने आने वाले मरीजों की सुरक्षा पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। अस्पताल में डॉक्टर को दिखाने आए आवली रोजड़ी निवासी भैरूलाल की जेब कट गई। पीड़ित के अनुसार, उसकी जेब से 500 रुपए नकद और जरूरी दस्तावेज निकाल लिए गए।
भैरूलाल ने बताया कि वह गुरुवार सुबह करीब 10 बजे एमबीएस अस्पताल आया था। डॉक्टर से परामर्श लेने के बाद वह दवा लेने पहुंचा। इसी दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसकी जेब से 500 रुपए और जरूरी दस्तावेज निकाल लिए। बाद में उसे जेब कटने का पता चला, जिसके बाद वह शिकायत लेकर एमबीएस अस्पताल पुलिस चौकी पहुंचा।
अस्पताल में मरीजों की सुरक्षा पर सवाल
एमबीएस अस्पताल में पहले भी चोरी की घटनाएं सामने आने की बात कही जाती रही है। ऐसे में सवाल उठता है कि अस्पताल में इलाज कराने आने वाले मरीजों और उनके परिजनों की सुरक्षा के लिए क्या पर्याप्त इंतजाम हैं? अस्पताल परिसर में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और ऐसी घटनाओं की रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाने की जरूरत है।
जर्नलिस्ट मंगल सिंह हाड़ा
Ladpura, Kota | Oct 22, 2026