
80वें स्वतंत्रता दिवस पर मुख्यमंत्री #योगी ने प्रदेशवासियों को दी शुभकामनाएं,
कहा—आजादी का अर्थ अराजकता, गरीबी और अशिक्षा से मुक्ति भी
#लखनऊ, 15 अगस्त। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं मंगलमय शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने लखनऊ स्थित अपने सरकारी आवास पर ध्वजारोहण कर राष्ट्र के अमर शहीदों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को नमन किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वर्ष 1947 में लंबे संघर्ष, त्याग और बलिदान के परिणामस्वरूप देश को स्वाधीनता प्राप्त हुई। स्वतंत्रता दिवस केवल समारोह तक सीमित रहने का अवसर नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक नागरिक को अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने कहा कि आजादी का अर्थ केवल राजनीतिक स्वतंत्रता नहीं है, बल्कि अराजकता, पिछड़ेपन, गरीबी, अशिक्षा और असमानता से भी पूर्ण मुक्ति है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत आज प्रत्येक क्षेत्र में नए प्रतिमान स्थापित करते हुए निरंतर आगे बढ़ रहा है। जब देश को यशस्वी नेतृत्व और राष्ट्र की सामूहिक शक्ति का साथ मिलता है, तो उसके सकारात्मक परिणाम सामने आते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विगत 9 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश ने असमानता, पिछड़ेपन, गरीबी और अशिक्षा को दूर करने की दिशा में अनेक महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। आज इनके सकारात्मक परिणाम दिखाई दे रहे हैं। उत्तर प्रदेश केवल बदल नहीं रहा, बल्कि देश के विकास और परिवर्तन की दिशा तय करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश ने ‘उपद्रव प्रदेश’ की छवि से निकलकर ‘उत्सव प्रदेश’ के रूप में अपनी नई पहचान बनाई है। उनके अनुसार, पिछले 9 वर्षों में प्रदेश के बजट, अर्थव्यवस्था, प्रति व्यक्ति आय और महिला कार्यबल की भागीदारी में लगभग तीन गुना वृद्धि हुई है।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश पुलिस के लिए भी इस दिन को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि पहली बार उत्तर प्रदेश पुलिस के जांबाज इंस्पेक्टर सुनील कुमार को मरणोपरांत कीर्ति चक्र से सम्मानित किया गया है। कानून-व्यवस्था स्थापित करने के संकल्प के लिए बलिदान देने वाले इंस्पेक्टर सुनील कुमार की स्मृतियों को नमन करते हुए उन्होंने श्रद्धांजलि अर्पित की।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि स्वतंत्रता के अमृत संकल्प को आगे बढ़ाते हुए सभी को राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ देश और प्रदेश के विकास में योगदान देना चाहिए।
जय हिंद!