
पलवल साइबर क्राइम पुलिस की बड़ी कार्रवाई: फर्जी टेक्स्ट मैसेज भेजकर ठगी करने वाला शातिर साइबर अपराधी दबोचा।
Aonenews अरविन्द बक्शी
आरोपी लोगों को फर्जी रुपये क्रेडिट होने का झांसा देकर और फिर इमरजेंसी का बहाना बनाकर अपने फर्जी बैंक खातों में पैसे ऐंठता था।
आरोपी के कब्जे से 2 ओपो स्मार्टफोन बरामद, जिनमें से एक मोबाइल नंबर नेशनल साइबर क्राइम पोर्टल पर दर्ज फ्रॉड की शिकायत से लिंक पाया गया।
पलवल पुलिस की अपील-"साइबर ठगों से सावधान रहें। किसी भी अनजान नंबर से आए 'रुपये क्रेडिट' होने के मैसेज पर तुरंत भरोसा न करें,साइबर ठगी होने पर तुरंत नेशनल साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।"
पुलिस अधीक्षक पलवल श्री नीतीश अग्रवाल के कुशल मार्गदर्शन में साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे धरपकड़ अभियान के तहत पलवल साइबर थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने फर्जी टेक्स्ट मैसेज भेजकर ठगी करने वाला शातिर साइबर अपराधी को गिरफ्तार करने में सफलता सकती है। आरोपी की पहचान समीम पुत्र अली मोहम्मद निवासी छायसा, थाना हथीन, पलवल के रूप में हुई है।
मामले के बारे में विस्तृत जानकारी देते हुए साइबर क्राइम थाना पलवल प्रभारी निरीक्षक नवीन कुमार ने बताया कि दिनांक 22 जून 2026 को साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए P/SI नरेश के नेतृत्व में साइबर थाना पुलिस की टीम हथीन मोड़, पलवल पर गश्त के दौरान मौजूद थी। इसी बीच पुलिस टीम को गुप्तचर से पुख्ता सूचना मिली कि समीम पुत्र अली मोहम्मद (निवासी छायसा, थाना हथीन, पलवल) साइबर ठगी का काम करता है और वह इस समय मढ़नाका-छायसा कच्चे रास्ते पर किसी का इंतजार कर रहा है।
सूचना को सही मानते हुए पुलिस टीम द्वारा तुरंत बताए गए स्थान (मढ़नाका-छायसा रोड) पर घेराबंदी कर आरोपी समीम को काबू किया गया। आरोपी की तलाशी लेने पर उसके पास से दो ओपो मोबाइल फोन मिले।
जब पुलिस टीम ने बरामद किए गए दोनों फोन्स को चेक किया, तो उनमें विभिन्न मोबाइल नंबरों पर रुपये क्रेडिट होने के फर्जी टेक्स्ट मैसेज भेजे जाने के प्रमाण मिले। बरामद शुदा मोबाइल नंबर को जब *नेशनल साइबर क्राइम पोर्टल* पर चेक किया गया, तो उस पर पहले से ही ₹12,000 की धोखाधड़ी के संबंध में एक शिकायत दर्ज पाई गई।
पूछताछ में आरोपी समीम ने बताया किया कि वह आम लोगों को फर्जी पैसे क्रेडिट होने का टेक्स्ट मैसेज भेजता था और फिर मजबूरी या कोई इमरजेंसी बताकर उन्हें झांसे में लेता था तथा अपने फर्जी बैंक खातों में पैसे ट्रांसफर करवा लेता था।
बरामद दोनों फोन्स को कब्जे में लिया गया। अपनी पहचान बदलकर आम जनता से ठगी करने के अपराध में आरोपी समीम के खिलाफ थाना साइबर क्राइम पलवल में मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी को माननीय अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लेने की प्रक्रिया की जा रही है। साइबर अपराध से जुड़े किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।
"साइबर ठगों से सावधान रहें। किसी भी अनजान नंबर से आए 'रुपये क्रेडिट' होने के मैसेज पर तुरंत भरोसा न करें और न ही किसी के कहने पर अज्ञात खातों में पैसे ट्रांसफर करें। किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तुरंत नेशनल साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।"