
भीमपुरा पुलिस ने #लूट का किया खुलासा, वांछित अभियुक्त गिरफ्तार; पीली धातु की चेन बरामद
#बलिया: थाना भीमपुरा पुलिस ने लूट के मामले का खुलासा करते हुए एक वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से पीली धातु की टूटी हुई गले की चेन बरामद की है। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान पिन्टू मौर्या पुत्र सुरेमन मौर्या, निवासी बैरमपुर, थाना दोहरीघाट, जनपद मऊ के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, 6 जुलाई 2026 को एक महिला ने थाना #भीमपुरा में तहरीर देकर बताया था कि दो अज्ञात व्यक्ति विद्यालय में एडमिशन की बात करते हुए उसके गले से चेन छीनकर फरार हो गए। मामले में मुकदमा संख्या 103/2026, धारा 309(4) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
विवेचना के दौरान सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले में आनन्द उर्फ गोलू मौर्या और पिन्टू मौर्या के नाम सामने आए। पुलिस ने बताया कि आनन्द उर्फ गोलू मौर्या महाराष्ट्र के तलोजा स्थित जिला कारागार में एक अन्य मुकदमे में निरुद्ध था, जिसे वारंट-बी के माध्यम से तलब कर 18 अगस्त को जेल भेजा जा चुका है।
इसी क्रम में बुधवार को उपनिरीक्षक श्रीकृष्ण प्रजापति पुलिस टीम के साथ वांछित अभियुक्त की तलाश में जुटे थे। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने इब्राहिमपट्टी-प्रेमरजा नहर रोड से पिन्टू मौर्या को दोपहर करीब 2:15 बजे #गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक पीली धातु की टूटी हुई गले की चेन बरामद हुई।
#पुलिस ने गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 3(5) और 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की। आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद अभियुक्त को न्यायालय भेज दिया गया।
गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक श्रीकृष्ण प्रजापति, हेड कांस्टेबल अमित मिश्रा और कांस्टेबल निलेश चौहान शामिल रहे।