
सलूणी, चंबा। राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय (GMSSS) सलूणी में विज्ञान संकाय के शिक्षकों की कमी को देखते हुए शिक्षा विभाग ने विद्यार्थियों के हित में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। उप निदेशक उच्च शिक्षा चंबा द्वारा जारी आदेशों के अनुसार भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान और जीव विज्ञान विषयों के प्रवक्ताओं को ऑनलाइन शिक्षण सहयोग प्रदान करने के निर्देश दिए गए हैं।
जारी आदेश के तहत जीएसएसएस सुंडला में कार्यरत प्रवक्ता राजेश कुमार (भौतिक विज्ञान) एवं हरविंदर सिंह (रसायन विज्ञान) तथा जीएसएसएस मंजीर में कार्यरत अजय शर्मा (जीव विज्ञान) अब ऑनलाइन माध्यम से जीएमएसएसएस सलूणी के विद्यार्थियों को शिक्षण सहायता देंगे। यह व्यवस्था तत्काल प्रभाव से आगामी आदेशों तक लागू रहेगी।
आदेशों के अनुसार सप्ताह के पहले दो कार्य दिवसों में ऑनलाइन कक्षाएं जीएसएसएस सुंडला से संचालित होंगी, जबकि अंतिम तीन कार्य दिवसों में जीएमएसएसएस सलूणी से ऑनलाइन शिक्षण किया जाएगा। इस दौरान संबंधित विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को समय-सारणी के समन्वय और व्यवस्था के सुचारू संचालन के निर्देश भी दिए गए हैं।
शिक्षा विभाग का मानना है कि इस व्यवस्था से विज्ञान संकाय में शिक्षकों की कमी के कारण प्रभावित हो रही पढ़ाई को गति मिलेगी तथा विद्यार्थियों की शैक्षणिक गतिविधियों पर पड़ने वाले प्रभाव को कम किया जा सकेगा। स्थानीय अभिभावकों और विद्यार्थियों ने भी इस निर्णय का स्वागत करते हुए इसे शिक्षा हित में सकारात्मक पहल बताया है।
Chamba, Chamba | Jun 22, 2026