
चाईबासा: नीति आयोग की डेल्टा रैंकिंग में पश्चिमी सिंहभूम का गुदड़ी प्रखंड पूरे पूर्वी भारत में प्रथम
चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले का गुदड़ी प्रखंड, जो नीति आयोग के आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम के अंतर्गत शामिल है, ने जनवरी–मार्च 2026 की डेल्टा रैंकिंग में पूरे पूर्वी भारत में प्रथम स्थान प्राप्त कर जिले और राज्य को गौरवान्वित किया है. यह उपलब्धि नीति आयोग द्वारा निर्धारित विकास संकेतकों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के साथ-साथ "नीति तारा" पहल के प्रभावी क्रियान्वयन का सकारात्मक परिणाम है. "नीति तारा" के माध्यम से गुदड़ी प्रखंड में स्वास्थ्य एवं पोषण, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, कृषि एवं आजीविका संवर्धन, आधारभूत संरचना, वित्तीय समावेशन तथा सुशासन से जुड़े विभिन्न संकेतकों पर योजनाबद्ध एवं परिणामोन्मुख कार्य किए गए. इस पहल के अंतर्गत विभागों के बीच बेहतर समन्वय, नियमित फील्ड मॉनिटरिंग, आंकड़ा आधारित योजना निर्माण, सामुदायिक सहभागिता तथा नवाचार आधारित कार्य संस्कृति को बढ़ावा दिया गया, जिसके परिणामस्वरूप विकास कार्यों में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई.
जिला प्रशासन द्वारा आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम एवं "नीति तारा" के तहत निर्धारित लक्ष्यों की नियमित समीक्षा की गई. प्रखंड एवं जिला स्तरीय पदाधिकारियों ने योजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन, सेवा वितरण में गुणवत्ता सुधार तथा पात्र लाभुकों तक योजनाओं की प्रभावी पहुंच सुनिश्चित करने के लिए सतत प्रयास किए. स्थानीय जनप्रतिनिधियों, स्वयं सहायता समूहों, पंचायत प्रतिनिधियों, आंगनबाड़ी सेविकाओं, सहियाओं, शिक्षकों एवं ग्रामीण समुदाय की सक्रिय भागीदारी ने इस सफलता को और सशक्त बनाया.
उपायुक्त मनीष कुमार ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा "गुदड़ी प्रखंड का पूरे पूर्वी भारत में प्रथम स्थान प्राप्त करना जिला प्रशासन के लिए अत्यंत गर्व का विषय है. यह उपलब्धि हमारी टीम की निरंतर मेहनत, प्रभावी मॉनिटरिंग, जनसहभागिता तथा 'नीति तारा' के सफल क्रियान्वयन का प्रतिफल है. हमारा उद्देश्य केवल रैंकिंग में बेहतर प्रदर्शन करना नहीं, बल्कि प्रत्येक ग्रामीण परिवार तक विकास योजनाओं का गुणवत्तापूर्ण लाभ पहुंचाना है. आने वाले समय में भी नीति आयोग के सभी प्रमुख संकेतकों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पश्चिमी सिंहभूम को विकास का मॉडल जिला बनाने की दिशा में निरंतर कार्य किया जाएगा."
उपायुक्त ने इस सफलता का श्रेय गुदड़ी प्रखंड के सभी पदाधिकारियों, कर्मियों, विभिन्न विभागों की टीमों, पंचायत प्रतिनिधियों, स्वयं सहायता समूहों तथा स्थानीय नागरिकों को दिया। उन्होंने कहा कि "नीति तारा" के माध्यम से प्राप्त अनुभवों एवं नवाचारों को जिले के अन्य प्रखंडों में भी विस्तार दिया जाएगा, ताकि समावेशी एवं सतत विकास के लक्ष्य को और अधिक गति मिल सके.