दर्दोनिया के जंगल से सागौन का लट्ठा लेकर जा रहे दो आरोपी गिरफ्तार, वन विभाग ने बाइक समेत लकड़ी की जब्त
बकस्वाहा। अवैध उत्खनन, परिवहन और कटाई की रोकथाम के लिए वन विभाग द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत उड़नदस्ता दल ने कार्रवाई करते हुए मोटरसाइकिल से सागौन का लट्ठा अवैध रूप से परिवहन करते दो लोगों को पकड़ा है।
कार्रवाई मुख्य वनसंरक्षक वृत छतरपुर नरेश यादव एवं वनमंडल अधिकारी छतरपुर ऋषि मिश्रा के निर्देशन तथा उपमंडल अधिकारी बकस्वाहा विनीता जाटव और वन परिक्षेत्र अधिकारी राजेंद्र पस्तोर के मार्गदर्शन में की गई।
वन विभाग के अनुसार गजराज पिता भगवान सिंह ठाकुर और धीरू पिता बलदेव सिंह ठाकुर, दोनों निवासी जगारा, दर्दोनिया के जंगल से सागौन का लट्ठा लेकर जा रहे थे। पूछताछ में उन्होंने लकड़ी बेचने के लिए ले जाने की बात स्वीकार की। उड़नदस्ता दल ने सागौन का लट्ठा और मोटरसाइकिल जब्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया तथा न्यायालय में पेश किया।
कार्रवाई में महेंद्र सिंह गौड़, मुकेश चतुर्वेदी, अनीश खान, राजेश जोशी, रामकुमार अहिरवार, हरिया अहिरवार, आशुतोष पचौरी एवं वाहन चालक जुगन यादव शामिल रहे।